UP News: कैबिनेट बैठक में संविदाकर्मियों को बड़ा तोहफा, 150 ITI की बदलेगी तस्वीर, बनेगा टेक्सटाइल पार्क
UP Cabinet Decisions 2023: उत्तर प्रदेश (UP) के निवासियों के लिए मंगलवार का दिन खास रहा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक हुई, जिसमें संविदा कर्मियों को 7वें वेतनमान का फायदा देने और 150 ITI को उन्नत बनाने का निर्णय लिया गया. बैठक के बाद वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने एक प्रेस कान्फ्रेंस कर अहम निर्णयों की जानकारी मीडिया को दी. इसी के साथ ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट 2023 के सफल आयोजन को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ के प्रति धन्यवाद भी दिया.
इस मौके पर उन्होंने बताया कि यूपी कैबिनेट के महत्वपूर्ण फैसले में बताया गया कि गन्ना मूल्य नहीं बढ़ाया गया है. एक्सरे तकनीशियन के लिए परिषद का गठन किया जाएगा. उत्तर प्रदेश स्टाम्प रजिस्ट्रेशन विभाग में प्रोन्नति के लिए नियमावली का गठन किया गया है. औरैया पुलिस लाइन में आवासीय और अनाआवासीय भवन बनाये जाएंगे. वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कैबिनेट बैठक के निर्णय की जानकारी देते हुए बताया कि समिट में 33 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले. सुशासन और कानून व्यवस्था के कारण लोग निवेश कर रहे हैं.
ये बड़े फैसले लिए गए
उत्तर प्रदेश स्टांप रजिस्ट्रेशन विभाग समूह क और समूह ख की सेवा नियमावली में संशोधन को मंजूरी दी गई है.
वेतन समिति की सिफारिशों को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में बनी समिति की रिपोर्ट मंजूरी. विज्ञापन भर्ती संविदा कर्मियों को 7वें वेतनमान का लाभ दिया जाएगा, इस पर 29 करोड़ का खर्च आएगा.
उत्तर प्रदेश सरकार चिन्हित 150 आईटीआई में प्रत्येक में 10000 वर्ग फीट में वर्कशॉप बनवाने के लिए 4283 करोड़ रुपये देगी.
मथुरा गोकुल बैराज के नजदीक ही वासुदेव वाटिका में सिंचाई विभाग की भूमि को पर्यटन विभाग को सौंपा जाएगा. इसके लिए प्रस्ताव पारित.
लैब टेक्नीशियन के लिए एक अहम परिषद के गठन को मंजूरी दी गई है.
औरैया में रिजर्व पुलिस लाइन में आवासीय गैर आवासीय भवन निर्माण कार्य को कैबिनेट से मिली मंजूरी,18 माह में काम पूरा करने की मोहलत.
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक प्राधिकरण में किसानों से परस्पर सहमति से खरीदी जाने वाली भूमि अधिग्रहण की दरों को बढ़ाकर 3100 रुपये प्रति वर्ग मीटर किया गया है.
पीएम मित्र योजना के तहत टेक्सटाइल पार्क स्थापित करने और जमीन हस्तांतरण के प्रस्ताव को मंजूरी. केंद्र सरकार की मदद से हरदोई में 260 एकड़, लखनऊ में 903 एकड़ समेत कुल 1162 एकड़ में से 1000 एकड़ भूमि निशुल्क हथकरघा और वस्त्र उद्योग को देना.
विधानसभा सत्र 20 फरवरी होगा. विधानमंडल के दोनों सदनों में संयुक्त रूप से राज्यपाल अभिभाषण होगा.
अब लखनऊ के अलावा प्रदेश के इन जिलों में भी होगी कैबिनेट बैठक
अब यूपी में कैबिनेट बैठकें लखनऊ के बाहर भी होंगी. इसके लिए सीएम योगी आदित्यनाथ ने मंत्रिमंडल सदस्यों को निर्देश दिया है. उत्तर प्रदेश के बड़े शहरों वाराणसी,अयोध्या,मथुरा बुंदेलखंड में भी मंत्रिपरिषद की बैठकें आयोजित की जाएंगी.