UP News: रामभक्तों के लिए यूपी सीएम योगी की बड़ी घोषणा: रामलला के दर्शन करने अयोध्या आइए, सारा खर्च विधायक-सांसद उठाएंगे, देखें वीडियो
Bareilly News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को रामभक्तों के लिए बड़ी घोषणा की है. बरेली पहुंच सीएम ने यहां के लोगों को अयोध्या आने के लिए न्योता दिया और कहा कि 22 जनवरी के बाद रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या आइए। विधायक औऱ सांसद के जरिए अयोध्या आइए, सारा खर्चा जनप्रतिनिधि उठाएंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने आगे कहा कि, एक समय था जब अयोध्या नाम से कइयों को करंट लगता था। लोग अयोध्या का नाम लेने भी डरते थे, लेकिन आज पूरी दुनिया अयोध्या आना चाहती है। नये उतर प्रदेश में त्रेतायुगीन स्वरूप दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि एयर कनेक्टिविटी बढ़ाई गई है ताकि सम्मान से लोग आयेंगे, रामलला के दर्शन करेंगे। मुख्यमंत्री योगी बुधवार को दोपहर एक बजे बरेली क्लब मैदान में पहुंचे। उन्होंने यहां कई विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इसके बाद जनसभा को संबोधित करते हुए लोगों को अयोध्या आने का निमंत्रण दिया।
22 जनवरी को आइए अयोध्या
सीएम ने यहां जनता को सम्बोधित करते हुए कहा कि, आप सभी लोगों को अयोध्या आना है, 22 जनवरी के बाद दर्शन के लिए आइए। विधायक और सांसद के जरिए अयोध्या आइए। सारा खर्चा जनप्रतिनिधि उठाएंगे। उन्होंने कहा कि 14 से 20 जनवरी तक स्वच्छता कार्यक्रम चलाएं। नगर, गांव घर को स्वच्छ कीजिए। जैसे दिवाली पर करते हैं। इसी के साथ उन्होंने कहा कि, 16 जनवरी से राम नाम संकीर्तन कीजिए। 22 जनवरी को नगर नगर में भंडारा का आयोजन कीजिए। दीपोत्सव के जरिए नए भारत में सहयोग कीजिए। उन्होंने कहा कि हर नागरिक कर्तव्य है कि हर काम देश के नाम। पहले देश, फिर समाज, फिर परिवार और फिर व्यक्ति है।
अब कर्फ्यू नहीं लगता
इस मौके पर सीएम योगी ने पहले की सरकार पर हमला बोला और कहा कि, बरेली में कर्फ्यू के दौरान मेरा भी यहां आने का कार्यक्रम था, लेकिन आने नहीं दिया गया। बरेली में अब जो कर्फ्यू लगाएगा, उस पर कर्फ्यू लगेगा। वह आगे बोले कि, पहले अलीगढ़, मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद, रामपुर में कर्फ्यू लगते थे। अब कर्फ्यू नहीं लगता है। अब कावड़ यात्रा निकलती है। यही बदलता उत्तर प्रदेश है। इसी के साथ ही उन्होंने कहा कि पहले बेटी स्कूल, बाजार नहीं जा पाती थी। क्योंकि जिनकी सरकार थी वे अपराधियों को सुरक्षा देते थे। लेकिन अब सब सुरक्षित हैं। देश में कहीं जाइए बताइए उत्तर प्रदेश से हूं तो लोग खुश होते हैं।
बरेली की जनता को दिया आभार
इस मौके पर सीएम योगी ने नगर निगम चुनाव में जीत दिलाने के लिए बरेली की जनता का आभार ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव में आया था। स्मार्ट सिटी की सरकार में डबल इंजन के साथ ट्रिपल इंजन जोड़ने की जरूरत थी। जनता ने भरोसा जताया और उमेश गौतम को मेयर चुना। मुख्यमंत्री ने कहा कि चहुंओर विकास हो रहा है। वाराणसी, नोएडा में विकास होगा तो बरेली में भी विकास हो रहा है। वाराणसी में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर बना तो बरेली में भी नाथ नगरी कॉरिडोर बनाया जा रहा है।
यहां देखें वीडियो