UP News: सपा सुप्रीम अखिलेश यादव ने हवाई फायरिंग और मारपीट के शेयर किए दो वीडियो और बोले, “उप्र में भाजपा ने क़ानून-व्यवस्था का अंतिम संस्कार कर दिया है”

February 26, 2023 by No Comments

Share News

UP Political: नेता प्रतिपक्ष व सपा प्रमुख अखिलेश यादव फार्म में नजर आ रहे हैं. वह लगातार योगी सरकार पर हावी नजर आ रहे हैं. जहां प्रदेश में एक के बाद एक तमाम बड़ी घटनाएं घट रही हैं तो वहीं अखिलेश यादव भाजपा सरकार को घेरने का कोई मौका छोड़ नहीं रहे हैं. इसी तरह उन्होंने रविवार को अपने ट्विटर हैंडल से दो वीडियो शेयर किए हैं और लिखा है, “उप्र में भाजपा ने क़ानून-व्यवस्था का अंतिम संस्कार कर दिया है.”

गाजियाबाद के होटल में मारपीट का शेयर किया है वीडियो
अखिलेश यादव ने पहला वीडियो शेयर किसी होटल का शेयर किया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि किस तरह लाठी-डंडे से लोग युवकों व महिलाओं पर वार कर रहे हैं. महिलाएं चीख-चिल्ला रही हैं और मना कर रही हैं. बताया जा रहा है कि यह वीडियो ग़ाज़ियाबाद के एक होटल का है, जहां डीजे को लेकर जमकर लाठी डंडे चले हैं. इस मामले में अखिलेश के ट्विट पर रिप्लाई करते हुए डीसीपी रूरल ने जानकारी दी है कि मामला शनिवार देर रात 2 बजे का है. शादी का आयोजन था और कॉकटेल पार्टी हो रही थी. इसी दौरान लोगों ने अधिक समय तक डीजे बजाने की मांग की, लेकिन होटल मालिक ने मना कर दिया. इसी के बात जो लोग होटल में आए थे, उन्होंने लाठी-डंडे से मारपीट शुरू कर दी. फिलहाल दि0 26.02.23 को थाना मसूरी क्षेत्र मे होटल मे शादी मे डीजे बजाने को लेकर वाद विवाद के दौरान मारपीट के सम्बन्ध मे 15-20 लोगो के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर 09 अभियुक्तो को गिरफ्तार किया गया है एवं अन्य लोगों को वीडियो के आधार पर चिन्हित कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है.

दूसरी घटना नोएडा की
अखिलेश यादव ने दूसरा वीडियो नोएडा का शेयर किया है, जिसमें मार-पीट और फिर गोलियां चलने की आवाज भी सुनाई दे रही है. इस मामले में अखिलेश के ट्विट पर रिप्लाई करते हुए एडीसीपी सेंट्रल नोएडा ने जानकारी दी है कि मामला थाना सेक्टर-142 क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गढ़ी शहदरा का है, जहां एक ही परिवार के दो पक्षों में मारपीट गाली गलौज हुई है. पुलिस को दोनों पक्षों से तहरीर प्राप्त हुई है. दोनों पक्षों में जमीन को लेकर काफी वक्त से विवाद चल रहा है. इस मामले में कोर्ट ने स्टे भी दिया था, लेकिन 17 फरवरी को स्टे खारिज हो गया था, जिससे दूसरे पक्ष में इस जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की और हवाई फायरिंग की. पुलिस ने जानकारी दी कि इस मामले में आरोपी पक्ष को गिरफ्तार कर लिया गया है और कार्रवाई की जा रही है.