UP News: अब प्रदेश के परिषदीय स्कूल खुलेंगे इतने बजे, घने कोहरे के कारण बदला गया समय, कई बेसिक शिक्षक हुए हैं एक्सीडेंट के शिकार, कईयों की गई जान

December 21, 2022 by No Comments

Share News

लखनऊ। घने कोहरे के कारण सड़क दुर्घटना के शिकार हो रहे बेसिक शिक्षकों को देखते हुए उत्तर प्रदेश के कई जिलों के बेसिक शिक्षाधिकारी ने परिषदीय स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया है। फिलहाल इस सम्बंध में उन्नाव और कानपुर जिले से खबर आ रही है कि अब स्कूल सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक खुलेंगे। इसी के साथ लखनऊ में भी जिलाधिकारी के आदेश से सभी सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों के समय में परिवर्तन कर दिया गया है। हालांकि यूपी के तमाम जिलों में अभी सुबह 9 बजे से ही परिषदीय स्कूल खुलेंगे।

बता दें कि अभी तक परिषदीय स्कूलों के खोले जाने का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक है और शिक्षकों के स्कूल पहुंचने का समय सुबह 8:30 बजे है। अगर शिक्षक 50-100 किलोमीटर की दूरी से स्कूल जाता है तो उसे अपने घर से सुबह करीब 6 बजे निकलना होगा और बढ़ती ठंड के साथ ही घने कोहरे ने भी दस्तक दे दी है। इसकी वजह से पिछले तीन दिनों से लगातार प्रदेश के तमाम जिलों से मार्ग दुर्घटना की खबरे सामने आ रही हैं। इस दुर्घटना में कई शिक्षकों का भी एक्सीडेंट हो चुका है, जिसमें से कई की तो जान भी जा चुकी है। इन दुर्घटनाओं को देखते हुए ही प्रदेश के तमाम जिलों में बेसिक स्कूल खोलने के समय में बदलाव कर दिया गया है।

देखें अभी तक की सूचना के आधार पर किन-किन जिलों में बदला गया है समय
लखनऊ, अयोध्या, कानपुर, उन्नाव, जौनपुर, अम्बेडकर नगर, अमेठी,पीलीभीत, हरदोई, हाथरस, बिजनौर के सरकारी से लेकर गैर सरकारी स्कूलों के समय में परिवर्तन कर दिया गया है।