UP News:माफिया मुख्तार अंसारी की बीवी अफ्शां की बढ़ी मुश्किलें, तलाश में मऊ पुलिस ने संभावित ठिकानों पर शुरू की छापेमारी, कुर्की की हो गई पूरी तैयारी
गिरफ्तारी से बचने के लिए तमाम जुगत भिड़ा रही बाहुबली माफिया मुख्तार अंसारी की पत्नी आफ्शां अंसारी की मुश्किल अब और बढ़ गई है, क्योंकि उसकी गिरफ्तारी के लिए मऊ पुलिस ने सम्भावित ठिकानों पर दबिश देने शुरू कर दी है। प्रदेश सरकार मुख्तार के साथ ही उसके पूरे परिवार पर भी लगातार शिकंजा कसती जा रही है।
बता दें कि मुख्तार बांदा जेल में बंद है और अब उसकी पत्नी अफ्शां अंसारी को भी जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की पूरी प्लानिंग पुलिस कर चुकी है। मीडिया सूत्रों के मुताबिक आफ्शां की खोज में मऊ पुलिस मोहम्मदाबाद पहुंच गई है और जिले के मोहम्मादाबाद फाटक में पूछताछ कर रही है। इसी कड़ी में मऊ पुलिस ने समाजवादी पार्टी के विधायक शोएब अंसारी से पूछताछ की। इसके बाद, दर्जी टोले इलाके में भी पुलिस ने छानबीन करते हुए लोगों से कुछ सवाल किए हैं। बता दें कि अफ्शां अंसारी इसी इलाके में रहती है, लेकिन अभी पुलिस से बचने के लिए फरार चल रही है।
कोर्ट के आदेशों का अफ्शां ने किया है उल्लंघन
इस पूरे मामले को लेकर सीओ मऊ धनंजय मिश्र ने मीडिया को बताया कि वांछित अफ्शां अंसारी की संपत्तियों को अब कुर्क किए जाने की भी योजना बना ली गई है। जल्द ही इस ओर भी कदम बढ़ाया जाएगा। अफ्शां अंसारी, पत्नी मुख्तार अंसारी, निवासी दर्गी टोला, थाना यूसुफपुर मोहम्मदाबाद के खिलाफ अपराध संख्या 20/2022 धारा 3(1) के तहत केस दर्ज हुआ है। मऊ में लिखी गई एफआईआर के आधार पर अफ्शां नामित और वांछित आरोपी है। अफ्शां की तलाश में पुलिस लगातार संभावित जगहों पर दबिश दे रही है।
NBW जारी
मीडिया सूत्रों के मुताबिक बताया जा रहा है कि अफ्शां लगातार खुद को गिरफ्तारी से बचाने की कोशिश कर रही है और कानून की पकड़ से फरार चल रही है। वहीं, कोर्ट में न पेश होने की वजह से उसके खिलाफ नॉन-बेलेबल वॉरंट (NBW) भी जारी किया गया है। आरोप है कि अफ्शां जानबूझकर कोर्ट के आदेशों का उल्लंघन कर रही है। इस तरह से उसके खिलाफ एक और केस दर्ज हो गया है।
खारिज हो चुकी है जमानत अर्जी
मीडिया सूत्रों के मुताबिक अफ्शां अंसारी पहले भी सुप्रीम कोर्ट में जमानत अर्जी दायर कर चुकी हैं, लेकिन उसके आपराधिक पृष्ठभूमि और आपराधिक कृ्त्यों को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने उसे कोई राहत नहीं दी। ऐसे में अब मऊ कोर्ट के आदेश के बाद अब प्रशासन अफ्शां अंसारी के नाम पर दर्ज चल-अचल संपत्तियों को जल्द ही कुर्क करने जा रही है। इस सम्बंध में नोटिस भी जल्द ही जारी की जाएगी। (फोटो सोशल मीडिया से ली गई है)