UP: TET परीक्षा नकल मामले में आजमगढ़ जिला प्रशासन ने की बड़ी कार्रवाई, फरार चल रहे पूर्व ब्लाक प्रमुख व नकल माफिया इसरार अहमद की लाखों की सम्पत्ति कुर्क, जानें गिरफ्तार किए गए प्रबंधकों और बाबुओं के नाम, देखें वीडियो
आजमगढ़। आजमगढ़ में TET परीक्षा में नकल कराने वाले नकल माफिया पर शनिवार को पुलिस ने बड़ी कार्यवाही की है। फरार चल रहे आजमगढ़ के पूर्व ब्लाक प्रमुख नकल माफिया इसरार अहमद की 35 लाख की संपत्ति जिला प्रशासन ने कुर्क कर दी है। एसपी अनुराग आर्य ने 24 जनवरी को मामले में शामिल 22 आरोपियों के खिलाफ गैंगेस्टर की कार्रवाई की थी।
बता दें कि टीईटी में नकल कराने वाले नकल माफिया ने अभ्यर्थियों से 3-3 लाख रुपए में पास कराने का कॉन्ट्रैक्ट लिया था। 1.5 लाख रुपए एडवांस लिए गए थे।
बाकी रुपए पास होने के बाद लेने थे। आरोपियों में 13 स्कूल प्रबंधक, 1 डीआईओएस ऑफिस का बाबू और 8 दलाल शामिल थे। एसपी अनुराग आर्य ने 24 जनवरी को TET परीक्षा का खुलासा किया था। मामले की विवेचना कर रहे सीओ लालगंज मनोज रघुवंशी को विवेचना में आरोपी इसरार खान पुत्र रहमतुल्ला खां निवासी सम्मोपुर, थाना रानी की सराय, जनपद आजमगढ़ का नाम आया।
जिसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किये गये लेकिन आरोपी इसरार खां पुलिस की गिरफ्ता में नही आया। एसपी अनुराग आर्य ने आरोपी पर 10 हजार का इनाम भी घोषित किया था। इसके बाद स्पेशल जज के निर्देश के बाद नकल माफिया इसरार अहमद खान की संपत्ति कुर्क कर ली गई। स्पेशल जज भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम कोर्ट नंबर-5 गोरखपुर ने इसके आदेश दिए थे। इसके तहत जिला प्रशासन की टीम ने शनिवार को भारी फोर्स के साथ इसरार अहमद खान की महिन्द्रा डीआई, टीवी, फ्रिज, कूलर, सोफा आदि घरेलू सामानों को कुर्क किया। बता दें कि 24 जनवरी को TET परीक्षा में नकल कराने के 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
इन प्रबंधकों की भी हुई थी गिरफ्तारी
शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) में गड़बड़ी करने वाले जिन प्रबंधकों को गिरफ्तार किया गया है, उनमें प्रमुख रूप से धर्मेन्द्र यादव शिक्षक, सूर्य प्रकाश यादव प्रबंधक,हरेन्द्र यादव स्कूल का बाबू, वेद प्रकाश यादव प्रबंधक, सहर्ष राय प्रबंधक, देवेन्द्र यादव प्रबंधक, हरेन्द्र यादव प्रबंधक, अरविन्द कुमार यादव बाबू, कमलेश कुमार प्रबंधक, इन्द्रदेश यादव प्रबंधक सहित जिला विद्यालय निरीक्षक का बाबू धर्मेन्द्र कुमार राय के नाम शामिल है। (फोटो सोशल मीडिया)