UP News: IIT कानपुर में दिखाई दिया तेंदुआ, ड्रोन और विशेष कैमरो से वन विभाग का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर आईआईटी में बुधवार की सुबह तेंदुआ दिखाई देने से लोगों में दहशत फैल गई। संस्थान के लोगों को घरों के अंदर ही रहने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि वन विभाग और आईआईटी के सुरक्षाकर्मी तेंदुए के लिए सतर्क हो गए हैं और ड्रोन और विशेष कैमरों से तेंदुए की तलाश के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी के साथ आस-पास के क्षेत्र को भी सील कर दिया गया है।
मीडिया सूत्रों के मुताबिक आईआईटी की निजी सुरक्षा एजेंसी एसआईएस के एक गार्ड ने दावा किया कि उसने बुधवार की सुबह करीब साढ़े तीन बजे संस्थान के एयर स्ट्रिप के पास एक तेंदुए को देखा है। इसके बाद उसने तुरंत कंट्रोल रूम में संदेश भेज कर लोगों को इसकी जानकारी दी। इसी के बाद पुलिस और वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई और तलाश जारी कर दी।
गार्ड ने दावा किया कि उसने तेंदुए को एयर स्ट्रिप के पास फ्लाइंग लैब के पीछे देखा था। आईआईटी सुरक्षा प्रभारी प्रो.जे रामकुमार ने बताया कि अभी टीमें लगी हुई हैं तेंदुए की मॉनिटरिंग की जा रही है। लोगों को घरों के अंदर रहने के लिए बोला गया है।
ये टीमें लगी हैं तलाश में
तेंदुए की निगरानी व तलाश के लिए तीन टीमें बनाई गई है, जो कि आमला की बगिया, आईडब्ल्यूडी और एयर स्ट्रिप के पीछे के जंगल को देख रही है। क्षेत्रीय वन अधिकारी लल्लू सिंह ने बताया कि आईआईटी के अधिकारियों ने रात में परिसर में तेंदुआ टहलने की बात कही थी। सुबह टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच की, तो वो तेंदुआ के पंजे नही थे। किसी अन्य जानवर के पद चिन्ह मिले हैं।
आबादी घनी है
मालूम हो कि आईआईटी कैंपस के चारों और घनी आबादी है। जिस जगह तेंदुआ दिखने का दावा किया गया है, वहां से नानकारी, नारामऊ, आईआईटी गेट नजदीक है। इसके अलावा बारासिरोही, आईआईटी सोसायटी, वसुंधरा विहार, गोपालपुरम आदि क्षेत्र भी सटे हुए हैं। ऐसे में वन विभाग ने सभी को अलर्ट जारी कर घर में ही रहने के निर्देश दिए हैं ताकि लोग सुरक्षित रह सकें। (फोटो सोशल मीडिया)