UP News: नायब तहसीलदार ने दहेज के लिए पत्नी को पीटा, मुकदमा दर्ज, पत्नी ने प्रेम-प्रसंग का भी लगाया आरोप
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से बड़ी खबर सामने आ रही है। एक नायब तहसीलदार पर दहेज के लिए पत्नी को पीटने के आरोप लगा है। इस सम्बंध में पीड़ित पक्ष ने मुकदमा भी दर्ज करा दिया है।
हाथरस में तैनात नायब तहसीलदार अजय संतोषी की पत्नी ने उनके और ससुरालीजनों के ऊपर लखनऊ के आशियाना थाने में दहेज प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज कराया है। पत्नी का आरोप है कि शादी के बाद से नायब तहसीलदार और उनके घरवाले दहेज की मांग को लेकर मारपीट करते आ रहे हैं।
इंस्पेक्टर आशियाना अजय प्रकाश मिश्रा ने इस मामले में जानकारी दी कि पीड़िता प्रियंका वर्मा सेक्टर-के की रहने वाली हैं। उन्होंने बताया कि 21 फरवरी 2021 में उनका विवाह आगरा की आवास विकास कालोनी में रहने वाले अजय संतोषी के साथ हुआ था। पति अजय संतोषी हाथरस में नायब तहसीलदार के पद पर तैनात हैं। पीड़िता के मुताबिक आए दिन पति और ससुरालीजन दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करते रहते हैं।
प्रियंका के मुताबिक पति के एक अन्य महिला से प्रेम प्रसंग है। इसकी जब उसे जानकारी हुई और उन्होंने विरोध किया तो पति की प्रताड़ना और बढ़ गई। छह माह से लखनऊ में एक प्लाट की मांग कर रहे हैं। मांग पूरी न होने पर मारपीट कर धमकी देते रहते हैं, जबकि शादी में पिता ने क्रेटा कार, 14 लाख रुपये की नकदी और सोने और हीरे के जेवर दिए थे। जेवर भी ससुरालीजन ने अपने पास रख लिए। जब लखनऊ में प्लाट की मांग मायके से पूरी नहीं हुई तो मारपीट कर घर से भगा दिया। वह मायके में आकर रहने लगी। बीते दिनों पति और ससुरालीजन घर आए और धमकी दी। इसके बाद थाने में शिकायत की। इंस्पेक्टर ने बताया कि नायब तहसीलदार और उनके घरवालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच में जो भी तथ्य आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।