UP News: एक शोहदे ने खींचा दुपट्टा, सड़क पर गिरने के बाद दूसरे ने चढ़ा दी बाइक, छात्रा की मौके पर ही मौत, पुलिस ने आरोपियों को मारी गोली, पुलिस अधिकारी पर भी गिरी गाज, देखें Viral Video
Ambedkarnagar: उत्तर प्रदेश के अम्बेडकर नगर में पुलिस ने उन तीन आरोपियों को गोली मार दी है, जिन्होंने साइकिल सवार छात्रा का दुपट्टा खींचा था. शुक्रवार को अंबेडकर नगर में मनचलों ने साइकिल से घर लौट रही कक्षा 12 की छात्रा का दुपट्टा खींच लिया था, जिससे उसकी साइकिल अनियंत्रित होकर सड़क के बीच में चली गई थी और दूसरी ओर से तेज रफ्तार बाइक से आ रहे दूसरे शोहदे ने छात्रा को रौंद दिया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी. वहीं खबर सामने आ रही है कि, थानाध्यक्ष और एसपी को भी इस मामले में सस्पेंड कर दिया गया है. बताया जा रहा है कि छात्रा के पिता ने छेड़खानी के बारे में पहले भी पुलिस को मौखिक रूप से शिकायत की थी.
फिलहाल इस मामले में खबर सामने आ रही है कि रविवार को तीनों गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस ने उस वक्त गोली मार दी, जब पुलिस गिरफ्त से तीनों ने भागने की कोशिश की. तीनों को मेडिकल कराने के लिए ले जाया जा रहा था. पुलिस ने बताया कि, तीनों ने पेशाब लगने का बहाना बनाकर गाड़ी रुकवाई और फिर पुलिसकर्मियों से बंदूक छीनने की कोशिश कर भागने लगे. इस पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उन्हें गोली मार दी है. पुलिस मुठभेड़ में आरोपी शाहबाज और फैसल के पैर मे गोली लगी है तो वहीं तीसरे आरोपी ने भागने की कोशिश की तो गिरने की वजह से उसका पैर टूट गया है. इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. फिलहाल पुलिस ने तीनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है.
देखें पूरा मामला
मालूम हो कि शुक्रवार अम्बेडकर नगर में दो छात्राएं स्कूल से साइकिल के द्वारा घर लौट रही थीं. दोनों सड़क के किनारे साइकिल चला रही थीं, कि अचानक बाइक सवार शोहदे ने एक छात्रा का दुपट्टा खींच लिया, जिससे उसकी साइकिल अनियंत्रित होकर सड़क के बीच में चली गई. इस सम्बंध में सोशल मीडिया पर एक सीसीटीवी फुटेज तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि, दो छात्राएं साइकिल से सड़क के किनारे पर चल रही है कि एक बाइक सवार शोहदा पीछे से आता है और दोनों में से एक छात्रा का दुपट्टा तेजी से खिंचता है, जिससे छात्रा की साइकिल अनियंत्रित होकर सड़क के बीच में आ जाती है और पीछे से आ रही बाइक उसके ऊपर चढ़ जाती है. हालांकि बाइक सवार भी गिर जाता है. बताया जा रहा है कि बाइक उसी शोहदे का मित्र था जिसने छात्रा का दुपट्टा खींचा था. इस घटना में अस्पताल ले जाते वक्त छात्रा की मौत हो गई है.
पिता का हुआ रो-रो कर बुरा हाल
वहीं दूसरी ओर मृतक लड़की के घरवालों का रो-रो कर बुरा हाल है. मृतक छात्रा के पिता ने बताया कि, उसकी मां का 8 साल पहले ही निधन हो गया था. बेटी ही उसका एकमात्र सहारा थी वह बायोलॉजी की स्टूडेंट थी और पढ़ने में तेज थी. डॉक्टर बनना चाहती थी. लड़की के पिता ने बताया कि कई दिनों से शोहदे उनकी बेटी को परेशान कर रहे थे. उन्होंने एक हफ्ते पहले मौखिक तौर पर पुलिस से इन मनचलों की शिकायत की थी. अगर पुलिस पहले ही कार्रवाई कर देती तो उनकी बेटी जिंदा होती. वहीं मृत छात्रा के साथ ही दूसरी साइकिल से जा रही उसकी सहेली ने रोते हुए मीडिया को जानकारी दी है कि, वह दोनों साथ में ही स्कूल से लौट रही थी. तभी शाहबाज, फैसल और एक अन्य लड़का उनका पीछा करने लगे. वो कई दिनों से पीछा कर रहे थे लेकिन शुक्रवार को उसकी सहेली का दुपट्टा खींच लिया, जिसके बाद वह साइकिल से गिर गई. पीछे से आकर फैसल ने उसके ऊपर बाइक चढ़ा दी. सहेली ने बताया कि जब वह घटनास्थल पर पहुंची तो उसकी दोस्त के मुंह से खून निकल रहा था और वह कुछ बोल नहीं पा रही थी. जब उसे हॉस्पिटल लेकर गए तो उसको मृत घोषित कर दिया गया.
पाक्सो एक्ट में दर्ज हुआ मामला
अंबेडकरनगर के एसपी अजीत सिन्हा ने मीडिया को जानकारी दी कि, आरोपी शाहबाज और फैसल सहित तीनो को मेडिकल के लिए ले जाया जा रहा था. तभी आरोपियों ने बंदूक छीनकर भागने की कोशिश की. इसी दौरान पुलिस के साथ मुठभेड़ में आरोपियों के पैर में गोली लगी है. एक आरोपी का पैर टूट गया है. तीनों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज किया गया है. तीनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है.