UP News: सपा-भाजपा में छिड़ा ट्विटर वार और पलटवार, जमकर खेला FIR-FIR, दिखा अखिलेश का हाई वोल्टेज ड्रामा, पुलिस से बोले, “तुमने जहर दे दिया तो…”वायरल हुआ वीडियो, जानें क्या है पूरा मामला
सपा (समाजवादी पार्टी) ने पलटवार करते हुए भाजपा की यूथ विंग की सोशल मीडिया हेड डॉ ऋचा राजपूत (Dr Richa Rajput) के खिलाफ केस दर्ज करा दिया है और आरोप लगाया है कि उन्होंने सांसद डिंपल यादव के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया था। हालांकि रविवार सुबह ही भाजपा ने सपा का ट्विटर हैंडल चलाने वाले के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था और इसके बाद उनकी गिरफ्तारी हो गई थी। बताया जा रहा है कि सपा ने बदले की भावना से बीजेपी की कार्यकर्ता पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इसी के साथ सोशल मीडिया पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह कहते दिख रहे हैं कि हम तुम्हारी (पुलिस) चाय नहीं पिएंगे। जहर दे दिया तो। हम अपनी चाय बाहर से मंगा लेंगे। अपनी-अपनी चाय पिओ। यह बात उन्होंने उस वक्त कही, जब वह पुलिस मुख्यालय लखनऊ में रविवार की सुबह धरने पर बैठे थे। यह धरना अपने कार्यकर्ता की गिरफ्तारी के खिलाफ वह दे रहे थे।
बता दें कि रविवार सुबह से लेकर शाम तक जमकर भाजपा और सपा में FIR-FIR का खेल चला। सुबह समाजवादी पार्टी के मीडिया प्रकोष्ठ के पदाधिकारी मनीष जगन अग्रवाल को सोशल मीडिया पर महिलाओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में लखनऊ के हजरतगंज इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया था। इस गिरफ्तारी से नाराज सपा कार्यकर्ता उनकी रिहाई की मांग को लेकर लखनऊ में यूपी पुलिस मुख्यालय के बाहर जमा हो गए थे और उनको पुलिस ने खदेड़ कर भगाया था तो वहीं अखिलेश का हाई वोल्टेज ड्रामा भी जमकर चला। उन्होंने पुलिस पर जहर देने तक का आरोप लगा दिया और उनकी चाय पीने से इंकार कर दिया और पुलिस मुख्यालय पर धरने पर बैठे रहे।
इसके बाद शाम तक यूपी एसपी प्रांतीय अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल की शिकायत पर पुलिस ने भाजपा की कार्यकर्ता ऋचा राजपूत के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज करा दी और आरोप लगाया कि उन्होंने सपा सांसद डिंपल यादव (Dimple Yadav) के खिलाफ एक ट्वीट में कथित रूप से अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया। इसके बाद सपा के ट्वीट को रीट्वीट करते हुए ऋचा ने कहा, ‘वो सभी ट्वीट भी डाले जाएं, जिन ट्वीट के बाद ये ट्वीट करने पर विवश किया, रेप करने की धमकी दी गई जान से मारने की धमकी दी गई, अपने घर आंच आई तो पूरी पार्टी एक लड़की पर हमलावर हो गई है।’
बता दें कि समाजवादी पार्टी का ट्विटर हैंडल संचालन करने वाले कार्यकर्ता मनीष जगन को रविवार सुबह पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मनीष पर सपा के ट्विटर हैंडल से अभद्र टिप्पणी करने और सौहार्द बिगाड़ने के प्रयास का आरोप है। इस मामले में जगन के खिलाफ हजरतगंज और जानकीपुरम कोतवाली में मुकदमें दर्ज हैं। पुलिस जगन की तलाश कर रही थी। कार्यकर्ता की गिरफ्तारी की सूचना पर ही सपा नेता और कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया।