UP News: लिफ्ट में कुत्ते ने काटा बच्चे को, दर्द से छटपटाता रहा बच्चा, कुत्ते की मालकिन ने नहीं की कोई मदद, सीसीटीवी फुटेज हुआ वायरल, रिपोर्ट दर्ज, देखें वीडियो
गाजियाबाद। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि लिफ्ट में एक महिला कुत्ता लेकर चढ़ी, तभी एक बच्चा भी लिफ्ट में चढ़ा। बच्चे के लिफ्ट में घुसते ही कुत्ता उसकी ओर लपका, इस पर बच्चे ने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन कुत्ते ने उसके हाथ में काट लिया। इस पर बच्चा छटपटाने लगा, लेकिन निर्दयी महिला ने बच्चे की कोई मदद नहीं की। इसी बीच लिफ्ट रुकी और महिला चलती बनी, लेकिन बच्चे की कोई मदद नहीं की। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि यह सीसीटीवी फुटेज उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले की एक सोसायटी का है और घटना इसी सोसोयटी के लिफ्ट में हुई। दर्द से तड़पाता बच्चा जैसे तैसे घर पहुंचा और अपने माता-पिता को इसकी जानकारी दी। इस पर बच्चे के माता-पिता ने गाजियाबाद नन्दग्राम पुलिस से शिकायत की। फिलहाल महिला के खिलाफ पुलिस ने धारा 298 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं यह बात भी सामने आ रही है कि इस महिला का कुत्ता कई अन्य लोगों को भी काट चुका है।
मीडिया सूत्रों के मुताबिक गाजियाबाद में दिन पर दिन आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ती जा रही है। तो वहीं लोग कुत्ता पालने के नियमों का भी पालन नहीं कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि गाजियाबाद जिले के शालीमार गार्डन स्थित गौर एन्क्लेव-2 में हाल ही में दर्जन भर से अधिक महिलाएं और बच्चों को कुत्ता काट चुका है। इसकी शिकायत भी नगर निगम को की जा चुकी है, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं की गई।
इस सम्बंध में गाजियाबाद पुलिस ने एक वीडियो शेयर करते हुए जानकारी दी है, कि मामले में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दिनांक 05.09.22 को राजनगर एक्सटेंशन स्थित एक सोसाइटी की लिफ्ट में एक कुत्ते द्वारा अपने मालिक की मौजूदगी में बच्चे को काट लेने के वायरल वीडियो के सम्बन्ध में बच्चे के पिता की तहरीर पर थाना नंदग्राम पर अभियोग पंजीकृत करते हुए अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही हैं।
यहां देखें वीडियो