UP: परिषदीय स्कूल की मुस्लिम शिक्षिकाओं का वेतन रोकने पर चौतरफा घिरे खंड शिक्षाधिकारी, RSM के विरोध के बाद सामने आया BEO का बड़ा बयान, BSA भी दिखे एक्शन में, हलषष्ठी व्रत पर लिया था अवकाश, देखें किस-किस व्रत-त्योहार पर दी गई है सिर्फ शिक्षिकाओं को छुट्टी

August 19, 2022 by No Comments

Share News

हलषष्ठी व्रत (ललही छठ) पर बेसिक शिक्षा के परिषदीय स्कूलों में पढ़ाने वाली मुस्लिम शिक्षिकाओं के भी अवकाश पर जाने पर उत्तर प्रदेश के एक जिले में खंड शिक्षाधिकारी (BEO) ने दो शिक्षिकाओं के खिलाफ वेतन रोकने की कार्यवाही के लिए संस्तुति कर दी। 17 अगस्त को ललही छठ होने पर बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से महिलाओं को अवकाश घोषित किया गया था। चूंकि यह हिंदूओं का पर्व है, इसलिए खंड शिक्षाधिकारी का तर्क था कि क्या मुस्लिम महिलाएं भी ललही छठ का व्रत रखेंगी। वह कैसे छुट्टी पर चली गईं। इसके बाद वेतन रोकने की संस्तुति कर दी।

बता दें कि यह मामला उत्तर प्रदेश के वारणसी जिले का है। यहां के चिरई गांव के प्राथमिक स्कूल में 17 अगस्त को खंड शिक्षाधिकारी शशांक शुक्ला सुबह-सुबह ही निरीक्षण पर पहुंचे तो उन्हें हिंदू शिक्षिकाओं के साथ ही मुस्लिम शिक्षिकाएं भी अवकाश पर मिलीं। इस पर उन्होंने प्रधानाध्यापक से पूछा तो उन्होंने बताया कि ललही छठ का व्रत होने के कारण विभाग द्वारा शिक्षिकाओं के अवकाश पर रहने के निर्देश हैं।

इस बीईओ शशांक शुक्ला ने कहा कि क्या मुस्लिम शिक्षिकाएं भी ललही छठ मना रही हैं। इसके बाद प्रधानाध्यापक कोई जवाब नहीं दे पाए और बीईओ ने दोनों मुस्लिम शिक्षिकाओं का वेतन रोकने की संस्तुति कर दी। इसकी खबर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (RSM) वाराणसी के पदाधिकारियों को जैसे ही मिली, उन्होंने कड़ा विरोध करते हुए बीईओ को शासन का वह आदेश दिखाया, जिसमें सभी शिक्षिकाओं को अवकाश दिए जाने का निर्देश दिया गया है। उधर यह खबर जिला बेसिक शिक्षाधिकारी (BSA) अरविंद पाठक को भी मिली तो वह भी एक्शन में आ गए और फिर बीईओ को जमकर फटकार लगाई। इस पर खुद को चौतरफा घिरा देखकर बीईओ ने तत्काल अपना आदेश वापस लिया और माफी भी मांगी। बता दें कि आरएसएम के जिलाध्यक्ष शशांक पाण्डेय, जिला महामंत्री आनन्द कुमार सिंह, कार्यकारी जिलाध्यक्ष ज्योति प्रकाश, उपाध्यक्ष राजन सिंह और सत्य प्रकाश पाल ने मामले पर जमकर विरोध जताया था।

पढ़ें RTI
बेसिक शिक्षा विभाग में सिर्फ शिक्षिकाओं की कब-कब छुट्टी रहती है, की जानकारी जब आरटीआई के माध्यम से मांगी गई तो संयुक्त सचिव उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद प्रयागराज द्वारा जानकारी दी गई है कि हरितालिका तीज अथवा तीजा, करवाचौथ, संकठा चतुर्थी, हलषष्ठी, जीउतिया व्रत और अहोई अष्टमी पर केवल शिक्षिकाओं और बालिकओं को अवकाश दिया जाएगा। पुरुष टीचर स्कूल खोलेंगे।

शशांक पाण्डेय ने बताया कि अगर किसी स्कूल में केवल शिक्षिकाएं ही हैं तो किसी अन्य स्कूल के शिक्षक के सहयोग के स्कूल को खोला जाएगा। इसी के साथ शशांक पाण्डेय ने ये भी कहा कि जब ईद पर केवल मुस्लिम की ही नहीं सभी की छुट्टी रहती है तो फिर महिलाओं के व्रत पर केवल हिंदू शिक्षिकाएं ही क्यों अवकाश पर जाएंगी। सभी शिक्षिकाओं का अवकाश होगा। चाहे उनका व्रत हो या न।