UP:काशी विश्वनाथ मंदिर के गर्भगृह में सेवादारों और श्रद्धालुओं के बीच हुई हाथापाई, सीसीटीवी फुटेज हुआ वायरल
सोशल मीडिया पर एक सीसीटीवी फुटेज जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें दिखाई दे रहा है कि कुछ लोग हाथापाई कर रहे हैं और दूसरी ओर कुछ श्रद्धालु शिवलिंग पर जल अर्पित कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह सीसीटीवी फुटेज उत्तर प्रदेश के (UP)वाराणसी जिले के काशी विश्वनाथ मंदिर के गर्भगृह का है। सीसीटीवी में कैद पूरा मामला वायरल होने के बाद ये खबर सामने आई है कि गर्भगृह में श्रद्धालुओं और सेवादारों के बीच मारपीट हुई थी। घटना शनिवार शाम की बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि श्रद्धालु गर्भगृह के अंदर जाने की जिद कर रहे थे। इस पर सेवादारों ने रोका तो इस बीच कुछ लोग गर्भगृह में प्रवेश भी कर गए। इसी बात को लेकर सेवादारों और श्रद्धालुओं में धक्का-मुक्की हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट भी हुई थी। फिलहाल इस पूरी घटना के बारे में सेवकों ने मंदिर प्रशासन को अवगत करा दिया है।