USA Frozen Lake: अमेरिका में बर्फीले तूफान ने मचाया कहर, जमी झील पर हुई 3 भारतीयों की मौत, देखें वायरल वीडियो
अमेरिका में आए बर्फीले तूफान ने कहर मचा रखा है। इसी बीच खबर सामने आ रही है कि अमेरिका में हुए एक दर्दनाक हादसे में तीन भारतीयों की मौत हो गई है। इसी में एक दंपति आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले के हैं। बताया जा रहा है कि अमेरिका के एरिजोना में एक जमी हुई झील पर चलने के दौरान बर्फ टूटने से ये सभी लोग ठंडे पानी में गिर गए थे और इसी वजह से उनकी मौत हो गई। ये हादसा एरिजोना की कोकोनिनो काउंटी की वुड्स केनन झील पर 26 दिसंबर की शाम को हुआ था।
मीडिया सूत्रों के मुताबिक स्थानीय पुलिस ने मृतकों के शवों को खोज निकाला है और उनकी पहचान की जा चुकी है। पुलिस के अनुसार, मृतकों में नारायण मुद्दाना (40) और हरिता मुड्डाना (36) के साथ ही गोकुल मेदीसेती (47) की मौत हो गई है। सभी मृतक एरिजोना के चांडलर में रुके थे और भारत के रहने वाले थे।
बताया जा रहा है कि एरिजोना राज्य में सात साल से रह रहे भारतीय दंपति अपनी बेटियों पुजिता (12) और हर्षिता (10) के साथ झील पर गए थे। इसी दौरान अचानक बर्फ टूट गई और दोनों ठंडे पानी में जा गिरे। हालांकि दोनों बच्चे सुरक्षित बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि बर्फीले तूफान ने अमेरिका में तबाही मचा रखी है और इससे 60 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।
मीडिया की खबरों के मुताबिक अमेरिका में बर्फीला तूफान आर्कटिक डीप फ्रीज की वजह से आया है। इस बर्फीले तूफान की वजह से अब तक अमेरिका में 60 से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं। ठंड की वजह से कई प्रांतों में फ्लाइट्स और ट्रेनें भी रद्द कर दी गई हैं। इतना ही नहीं, भीषण बर्फबारी के चलते सड़कों पर बर्फ जमने से यातायात प्रभावित हो रहा है। (Image Source @walkingriver)
यहां देखें वीडियो