Ayodhya News: अब राम मंदिर के आस-पास क्षेत्र में ऑनलाइन भी नहीं मंगवा पाएंगे नॉनवेज… प्रशासन ने लगाया पूरी तरह प्रतिबंध
Ayodhya Ram Mandir News: उत्तर प्रदेश की राम नगरी यानी अयोध्या से बड़ी खबर सामने आ रही है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राम मंदिर और पंचकोसी परिक्रमा मार्ग की परिधि के भीतर नॉनवेज खाद्य पदार्थों की न तो बिक्री होगी और न ही डिलीवरी होगी. प्रशासन ने पूरी तरह से रोक लगा दिया है.
इस तरह से यह प्रतिबंध केवल ढाबे, होटल और दुकानों तक ही सीमित नहीं रह गया है बल्कि ऑनलाइन खाना डिलीवरी करने वाली कंपनियों पर भी लागू होगा. इसको लेकर प्रशासन ने होटल संचालकों से लेकर दुकानदारों, गेस्ट हाउस, होम-स्टे और ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनियों को जानकारी दे दी है और नियमों के उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है.
मिली थी शिकायतें
सहायक खाद्य आयुक्त मानिक चंद्र सिंह का एक बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस बयान में उन्होंने कहा कि हालांकि राम मंदिर और उसके आसपास के क्षेत्रों में नॉनवेज की बिक्री पर पहले से ही प्रतिबंध लगा हुआ है लेकिन उनको शिकायत मिली थी कि कुछ गेस्ट हाउस, होटल और होम-स्टे इस आदेश को नहीं मान रहे थे और पर्यटक लगातार ऑनलाइन माध्यम से नॉनवेज खाना मंगा रहे थे.
इस पर प्रशासन ने ऑनलाइन नॉनवेज डिलीवरी पर भी पूरी तरह से रोक लगा दी है. यानी अब राम मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में सभी संबंधित प्रतिष्ठानों और ऑनलाइन डिलीवरी कंपनियों को इस आदेश की जानकारी दे दी गई है. इसी के साथ ही प्रशासन ने इस आदेश का सख्ती से पालन से कराने के कड़े निर्देश दिए हैं. इसी के साथ ही प्रतिदिन मॉनीटरिंग करने के भी प्रशासन ने निर्देश दिए हैं. साथ ही आदेश न मानने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.
ये भी पढ़ें-Ram Mandir Dhwajarohan: राम मंदिर के शिखर पर फहराया धर्म ध्वज…न कोई स्विच और न रस्सी; दिखी अनोखी रस्म-Video