Lucknow: सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए लखनऊ मंडलायुक्त ने दिया ये निर्देश

December 30, 2025 by No Comments

Share News

Lucknow: आज मण्डलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक स्मार्ट सिटी सभागार में मण्डलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में की गई. इस अवसर पर डीसीपी यातायात, अपर जिलाधिकारी टीजी, अपर नगर आयुक्त, पीडब्लूडी, एनएचएआई, आरटीओ व पुलिस विभाग सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे.

मण्डलायुक्त ने सबसे पहले गत बैठक में लिए गए निर्णय एवं दिए गए निर्देशों के अनुपालन की प्रगति की समीक्षा की. इसके बाद साथ ही मण्डल के अंतर्गत सड़क सुरक्षा की वर्तमान स्थिति, दुर्घटनाओं के कारणों, प्रवर्तन कार्यवाही तथा जन-जागरूकता अभियानों की विस्तृत समीक्षा की गई. मण्डलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए बहुआयामी रणनीति अपनाई जाए.

ब्लैक स्पॉट्स की समीक्षा के दौरान मण्डलायुक्त ने पाया कि वर्ष 2025 में लखनऊ मण्डल के सभी जनपदों में कल 273 ब्लैक स्पॉट्स की संख्या चिन्हित है जिसमें जनपद लखनऊ से 75, जनपद रायबरेली से 45, जनपद सीतापुर से 28, जनपद लखीमपुर खीरी से 25, जनपद उन्नाव से 33 व जनपद हरदोई से 67 ब्लैक स्पॉट्स चिन्हित है. इन 273 ब्लैक स्पॉट्स में 149 ब्लैक स्पॉट्स लोक निर्माण, 122 ब्लैक स्पॉट्स एनएचएआई, 01 ब्लैक स्पॉट एनएच PWD व 01 ब्लैक स्पॉट UPEADA विभाग से संबंधित है.

उन्होंने ब्लैक स्पॉट्स की पहचान कर वहां आवश्यक सुधारात्मक कार्य जैसेसाइनेज, स्पीड ब्रेकर, रोड मार्किंग, प्रकाश व्यवस्था एवं आवश्यकतानुसार बैरियर आदि को प्रत्येक दशा में 15 फरवरी, 2026 तक सुधारात्मक कार्य पूर्ण करने के साथ ही सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए. उन्होंने प्रस्तावित सुधारात्मक कार्य पूर्ण होने के उपरांत सभी नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि ब्लैक स्पॉट्स पर किए गए कार्यों का परीक्षण भी करना सुनिश्चित करें.

मण्डलायुक्त द्वारा टोल प्लाजा पर ओवरलोड माल वाहनों की प्रभावी रोकथाम एवं सख्त प्रवर्तन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए. इस क्रम में मण्डलायुक्त ने एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर को निर्देशित किया कि टोल प्लाजा पर पकड़े गए ओवरलोड माल वाहनों की विस्तृत सूची परिवहन विभाग को पाक्षिक आधार पर नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाए. उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि यह सूची मण्डल के अंतर्गत आने वाले सभी जनपदों के संभागीय परिवहन अधिकारियों (एआरटीओ/आरटीओ) को समयबद्ध रूप से प्रेषित की जाए, ताकि संबंधित अधिकारियों द्वारा नियमानुसार प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.

बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि ओवरस्पीडिंग, ड्रिंक एंड ड्राइव, बिना हेलमेट/सीट बेल्ट वाहन संचालन एवं ओवरलोडिंग जैसी गंभीर उल्लंघनाओं के विरुद्ध नियमित एवं प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही की जाए. इस संबंध में उन्होंने डीसीपी यातायात को निर्देशित किया कि प्रमुख चौराहों की लाल बत्ती पर चेकिंग टीम लगाकर बिना सीट बेल्ट व हेलमेट न लगाने वालों पर चालान करने की कार्रवाई सुनिश्चित करें. मण्डलायुक्त ने परिवहन, पुलिस, लोक निर्माण विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए सड़क सुरक्षा से संबंधित कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए.

गुड सेमेरिटन योजना की समीक्षा के दौरान मण्डलायुक्त ने पाया कि लखनऊ मण्डल के जनपदीय अप्रेजल कमेटी द्वारा गुड सेमेरिटन के अग्रसारित प्रस्तावों की संख्या 15 में से 10 प्रस्ताव स्वीकृत किए गए हैं जिस पर उन्होंने निर्देशित किया कि इस योजना के तहत सड़क दुर्घटना पीड़ितो की मदद करने वाले लोगों को बुलाकर विशेष अवसरों पर सम्मानित कराया जाए व इसका व्यापक प्रचार प्रसार कराया जाना सुनिश्चित किया जाए.

मण्डलायुक्त ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रवर्तन तक सीमित नहीं है, बल्कि जन-जागरूकता अत्यंत आवश्यक है. इसके लिए विद्यालयों, महाविद्यालयों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर नियमित रूप से सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं. आपातकालीन सेवाओं की तत्परता सुनिश्चित करने हेतु एम्बुलेंस रिस्पांस टाइम में सुधार तथा ट्रॉमा केयर सुविधाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश भी दिए गए.

मण्डलायुक्त ने निर्देशित किया कि चालकों/परिचालकों के स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन साथ ही बस एवं ट्रक एसोसिएशन के प्रतिनिधियों, चालकों एवं परिचालकों के मध्य सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए। परिवहन निगम डिपो पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान का संचालन तथा चालकों/परिचालकों हेतु स्वास्थ्य/नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन के साथ विभिन्न स्टेकहोल्डर के साथ सड़क सुरक्षा जागरूकता गोष्ठी का आयोजन भी किया जाए।

उन्होंने निर्देशित किया कि व्यावसायिक वाहनों में रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप लगाए जाने की कार्यवाही के साथ सड़क सुरक्षा संबंधी प्रवर्तन कार्यवाही हेलमेट, सीट बेल्ट, ड्रंकन ड्राइविंग, रांग साइड ड्राइविंग, रेट्रो-रिफ्लेक्टिव टेप आदि संबंधी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए.

मण्डलायुक्त ने निर्देशित किया कि स्कूली वाहनों की जांच तथा अनफिट स्कूली वाहनों के विरूद्ध कार्यवाही, अनाधिकृत रूप से संचालित बसों/व्यावसायिक रूप से संचालित निजी वाहनों के विरूद्ध कार्यवाही, स्लीपर बसों की डिजाईन एवं सुरक्षा मानकों की जांच व अवैध टैक्सी/बस अड्‌डों एवं अवैध पार्किंग के विरूद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जाए.

मण्डलायुक्त ने निर्देशित किया कि आज बैठक में लिए गए निर्णयों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा आगामी बैठक में प्रगति से अवगत कराया जाए, ताकि मण्डल में सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके.

ये भी पढ़ें-कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री के पुलिसकर्मी ने छुए पैर…मचा बवाल; सियासत तेज-Video