पर्यावरण संरक्षण नहीं है केवल सरकारी जिम्मेदारी…शकुंतला विश्वविद्यालय और यूपी पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड का अहम निर्णय
Shakuntala University: पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण को लेकर महत्वपूर्ण पहल के तहत उत्तर प्रदेश पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (UP Pollution Control Board) के चेयरमैन डॉ. आरपी सिंह ने डॉ. शकुन्तला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय (Shakuntala University) के कुलपति आचार्य संजय सिंह से उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान विश्वविद्यालय और पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के बीच संभावित एमओयू (समझौता ज्ञापन) सहित विभिन्न विषयों पर विस्तृत और सकारात्मक चर्चा हुई।
कुलसचिव रोहित सिंह ने बताया कि बैठक में प्रदूषण नियंत्रण को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने के लिए संयुक्त रूप से अभियान चलाने पर सहमति बनी। इसके अंतर्गत प्रचार-प्रसार, जागरूकता कार्यक्रम, कला, चित्रकला और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही दोनों संस्थाएं प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े नवाचार (इनोवेशन) पर भी मिलकर कार्य करेंगी। नई तकनीकों, शोध और सामाजिक भागीदारी के जरिए प्रभावी पहल विकसित करने पर चर्चा हुई।
विश्वविद्यालय के ललित कला विभाग के शिक्षक डॉ. अवधेश मिश्रा ने कहा कि इस संबंध में आगे की कार्ययोजना को लेकर बुधवार को विश्वविद्यालय की टीम उत्तर प्रदेश पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड का दौरा करेगी। इस दौरान संभावित सहयोग और संयुक्त कार्यक्रमों को अंतिम रूप देने पर चर्चा होने की संभावना है।
चर्चा के दौरान विवि के कुलानुशासक डॉ आशुतोष पांडेय, ललित कला विभाग के शिक्षक डॉ अवधेश मिश्रा, डॉ विजय शंकर शर्मा समेत अन्य शिक्षक व अधिकारी मौजूद रहे।
करेंगे सार्थक कार्य
कुलपति आचार्य संजय सिंह ने कहा कि “पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की साझा भागीदारी का विषय है। विश्वविद्यालय और पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड मिलकर जागरूकता, शोध और नवाचार के माध्यम से प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में सार्थक कार्य करेंगे।”
ये भी पढ़ें-पत्नी ने खुद ही उजाड़ दिया सुहाग…इन लोगों के साथ मिलकर पति को दी दर्दनाक मौत-Video