Lucknow University: बी.फार्म. में प्रवेश अब होगा CUET-UG के जरिए…ऑनलाइन करें आवेदन
Lucknow University: लखनऊ विश्वविद्यालय के इंस्टिट्यूट ऑफ फार्मास्यूटिकल साइंसेज में संचालित बी.फार्म. पाठ्यक्रम में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से प्रवेश प्रक्रिया में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। अब तक बी.फार्म. में प्रवेश डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) द्वारा आयोजित काउंसलिंग प्रक्रिया के माध्यम से किया जाता था, जबकि इस वर्ष से लखनऊ विश्वविद्यालय स्वयं कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET-UG) के आधार पर प्रवेश प्रदान करेगा।
बी.फार्म. पाठ्यक्रम में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए CUET-UG 2026 में सम्मिलित होना अनिवार्य होगा। CUET-UG का परिणाम घोषित होने के उपरांत अभ्यर्थी लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रवेश पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। प्रवेश प्रक्रिया पूर्णतः CUET-UG में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की गई मेरिट सूची के अनुसार संचालित की जाएगी।
बी.फार्म. पाठ्यक्रम की 60 सीटों में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से बारहवीं (10+2) परीक्षा PCB/ PCM/ PCMB में उत्तीर्ण होना आवश्यक है (जिसमें अंग्रेजी एक विषय हो)।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे CUET-UG परिणाम घोषित होने के पश्चात निर्धारित समयावधि में ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करें तथा प्रवेश संबंधी नवीनतम सूचनाओं के लिए लखनऊ विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट का नियमित अवलोकन करते रहें।
उल्लेखनीय है कि बी.फार्म. पाठ्यक्रम चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम है, जो आठ सेमेस्टर में विभाजित है। वर्ष 2021 से संचालित इस पाठ्यक्रम के दो बैच सफलतापूर्वक उत्तीर्ण हो चुके हैं। वर्तमान में इसके पूर्व छात्र फार्मास्युटिकल उद्योग, उच्च शिक्षा एवं अनुसंधान के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।