Lucknow: सपा कार्यालय के पास युवक ने किया आत्मदाह का प्रयास…अखिलेश ने योगी सरकार पर साधा निशाना-Video
Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यालय के पास एक युवक ने आत्मदाह का प्रयास किया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, युवक ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डाल लिया और फिर आग लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और उसे बचाकर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है. यहां पर मीडिया से बात करते हुए युवक ने आग लगाने की वजह बताई है.
तो दूसरी ओर इस घटना के बाद यूपी में सियासत तेज हो गई है. सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इसको लेकर योगी सरकार पर निशाना साधा है और युवक का वीडियो शेयर करते हुए लिखा है, “निर्मम भाजपा सरकार से हताश होकर एक युवा ने आत्मदाह के द्वारा सरकार को जगाने के लिए जो कोशिश की है वो बेहद दर्दनाक है। भाजपा सरकार घायल युवक को अच्छे से अच्छा इलाज-उपचार सुनिश्चित करे और युवक को न्याय प्रदान करे। नाइंसाफ़ी, नाउम्मीदगी और निराशा भाजपा सरकार की पहचान बन गयी है। बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण!”
पुलिस जांच में जुटी
बता दें कि पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस के मुताबिक, घटना थाना गौतमपल्ली क्षेत्र के विक्रमादित्य मार्ग तिराहा पर हुए। बुधवार को अपराह्न करीब 3:35 बजे अलीगढ़ निवासी योगेंद्र उर्फ बॉबी (48) पुत्र गोवर्धन ने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाने की कोशिश की. वह अपने भाई गुड्डू और गांव की ही एक परिचित महिला के साथ लखनऊ आया था। फिलहाल थाना प्रभारी गौतमपल्ली और पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित को तुरंत सिविल अस्पताल भिजवाया।
पीड़ित ने लगाया ये आरोप
अस्पताल में इलाज के दौरान पीड़ित योगेंद्र ने मीडिया से बात करते हुए आरोप लगाया है कि उसके मोहल्ले के निवासी दानिश, वसीम, नाजिम पुत्र शमीम अहमद और मास्टर, जो कि सट्टेबाजी का काम करते हैं. उससे 6 लाख रुपये ले चुके हैं। जब उसने पैसे मांगे तो आरोपियों ने उसे गाली-गलौज और धमकी दी। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में पीड़ित कहता दिख रहा है कि दबंग मेरा मकान छीनना चाहते थे लेकिन मेरी एफआईआर नहीं लिखी गई. पुलिस ने मेरी नहीं सुनी. उसने ये भी बताया कि मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को भी एप्लीकेशन दी और आश्वासन मिलता है लेकिन कार्रवाई नहीं होती. फिलहाल गौतमपल्ली पुलिस मामले की जांच कर रही है और अलीगढ़ पुलिस से भी इस मामले में संपर्क साधा गया है।
निर्मम भाजपा सरकार से हताश होकर एक युवा ने आत्मदाह के द्वारा सरकार को जगाने के लिए जो कोशिश की है वो बेहद दर्दनाक है। भाजपा सरकार घायल युवक को अच्छे से अच्छा इलाज-उपचार सुनिश्चित करे और युवक को न्याय प्रदान करे।
नाइंसाफ़ी, नाउम्मीदगी और निराशा भाजपा सरकार की पहचान बन गयी है।… pic.twitter.com/FSN2QwVJzS
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) September 10, 2025
ये भी पढ़ें-नेपाल के बाद इस देश ने… YouTube, X, Instagram और Whatsapp पर लगाया बैन; वजह जान उड़ जाएंगे होश