भाजपा मंत्री विजय शाह मामले की जांच करेंगे ये तीन अधिकारी… कर्नल सोफिया कुरैशी का किया था अपमान

Share News

Vijay Shah: कर्नल सोफिया कुरैशी का अपमान करने के मामले में मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री कुंवर विजय शाह की मुसीबत और बढ़ गई है. दरअसल सोमवार को सुप्रीम कोर्ट ने उनकी माफी को स्वीकार नहीं किया था और जमकर फटकार लगाई थी. इसी के बाद सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद मध्य प्रदेश सरकार ने मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित कर दी है. इस टीम में तीन IPS अधिकारियों को शामिल किया गया है. ये टीम मामले की जांच कर 28 मई तक रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट को सौंपेगी.

बता दें कि सोमवार को कर्नल सोफिया कुरैशी पर विवादित टिप्पणी करने के मामले में विजय शाह को सुप्रीम कोर्ट से कोई राहत नहीं मिली थी. कोर्ट ने इस मामले में मध्य प्रदेश सरकार को नोटिस देने के साथ ही आईपीएस अधिकारियों की विशेष जांच समिति (एसआईटी) बनाने का आदेश दिया था.

कहां है वह माफी?

सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस एन कोटिश्वर सिंह की बेंच ने कर्नल सोफिया कुरैशी पर की गई अपमानजनक टिप्पणी मामले में सुनवाई करते हुए विजय शाह के वकील से कड़े शब्दों में पूछा कि हाईकोर्ट ने एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया था. क्या हुआ इस मामले में? क्या जांच हुई है? कोर्ट ने ये भी पूछा कि आपने क्या क्षमा याचना की? इस पर विजय शाह के वकील ने कहा कि वह माफी मांग चुके हैं.

इस पर सुप्रीम कोर्ट ने तल्ख लहजे में पूछा कि आपने किस तरह की माफी मांगी है. कई बार लोग नतीजे से बचने के लिए माफी का दिखावा करते हैं. हम जानना चाहते हैं कि आपने किस तरह की माफी मांगी है. साथ ही कोर्ट ने ये भी पूछा कि आपने बताया कि उन्होंने (विजय शाह) माफी मांग ली है, तो वह माफी कहां है, वह वीडियो कहां है? इसी के साथ ही कोर्ट ने तल्ख लहजे में आगे कहा कि कुछ लोग तो इशारों से माफी मांगते हैं. कुछ घड़ियाली आंसू बहाते हैं। लेकिन, हम जानना चाहते हैं.

इनको मिली है जांच की जिम्मेदारी

प्रमोद वर्मा (IG, सागर जोन): प्रमोद वर्मा इस टीम को लीड कर रहे हैं. वह मध्य प्रदेश कैडर के सीनियर आईपीएस अधिकारी हैं और सागर जोन के पुलिस महानिरीक्षक के रूप में तैनात हैं. उनको संवेदनशील मामलों की जांच का अनुभव है. उनको निष्पक्षता के लिए चुना गया है.

वाहिनी सिंह (SP डिंडोरी): इस जांच में महिला अधिकारी को भी शामिल किया गया है. मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले की पुलिस अधीक्षक वाहिनी सिंह को सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर मामले की जांच में महिला प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए उनकी नियुक्ति की गई है.

कल्याण चक्रवर्ती (DIG,SAF): भोपाल में विशेष सशस्त्र बल (एसएएफ) में कार्यरत कल्याण चक्रवर्ती को एसआईटी की टीम में शामिल किया गया है. वह डीआईजी यानी उप महानिरीक्षक हैं और उनको कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक मामलों का लंबा अनुभव है.

ये भी पढ़ें-भाजपा मंत्री विजय शाह की बढ़ी मुसीबत…हाईकोर्ट ने दिया FIR दर्ज कराने का आदेश; कर्नल सोफिया कुरैशी पर दिया था विवादित बयान-Video