Viral Video: क्या वाकई श्रीलंका में मिल गई रावण के भाई कुंभकर्ण की विशाल तलवार? जानें क्या है सच
Viral Video: सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक विशाल तलवार को जमीन से निकालते हुए दिखाया जा रहा है. इस वीडियो को @Vinodyadav7_(विनोद यादव) नाम के सोशल मीडिया यूजर द्वारा शेयर किया गया है और वीडियो को शेयर करते हुए लिखा गया है कि श्रीलंका में मिली कुंभकर्ण की तलवार रामायण कोई मिथक नहीं है.
हिंदू महाकाव्य रामायण पढ़ने व सनातन धर्म को मानने वाले ये तो जानते ही हैं कि त्रेता युग में कुंभकर्ण लंका के राजा रावण का छोटा भाई था. बता दें कि वायरल इस वीडियो में चार स्लाइड दिखाई गई है जिसमें तलवार के पास पुरातत्वविदों को खड़ा बताया गया है। सोशल मीडिया पर शेयर किए गए इस वीडियो में चार स्लाइड हैं, जिसमें एक विशाल तलवार जमीन पर रखी हुई है। यह किसी टनल के अंदर का हिस्सा दिख रहा है जिसके पास दो लोग प्रोटेक्टिव गियर पहने खड़े हैं। तो वहीं एक दूसरी तस्वीर में तीन आदमी विशाल तलवार को देखते हुए दिखाई देते हैं। हालांकि वीडियो में उनके चेहरे साफ नहीं दिखाई दे रहे हैं और वे लोग तलवार के अनुपात में बहुत छोटे मालूम होते हैं.
ऐसे में न्यूजचेकर व फैक्ट चेक का दावा है कि इन तस्वीरों की पड़ताल करने के बाद मालूम हुआ कि तलवार के पास मौजूद लोगों के चेहरे साफ नहीं थे। इसी के साथ में ही चारों तस्वीरों में अतिरिक्त चमकदार बनावट भी दिखाई दी है. इन सभी तथ्यों को देखते हुए ये माना जा रहा है कि ये एआई इमेजरी हो सकती है. यानी इन तस्वीरों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल करके तैयार किया गया है. न्यूज चेकर का दावा है कि इन तस्वीरों को एआई कंटेंट डिटेक्शन टूल ट्रू मीडिया के पास भेजा गया, जिसमें तीन तस्वीरों में ‘हेरफेर किए जाने के पर्याप्त सबूत मिले हैं.
इन तस्वीरों का आंकलन करने के बाद ट्रू मीडिया ने पाया कि यह 99% आश्वस्त था कि विजुअल को AI का उपयोग करके बनाया गया था। इस वीडियो को लेकर ट्रूमीडिया ने जानकारी दी कि यह तस्वीर स्टेबल डिफ्यूजन, मिडजर्नी, डैल ई 2 और अन्य एआई जेनरेटेड फोटो रियलिस्टिक विजुअल का इस्तेमाल करके बनाई गई है। इस तरह ले ये स्पष्ट होता है कि तस्वीर को लेकर जो दावा किया गया है वो सही नहीं है.
श्रीलंका में मिली कुंभकर्ण की तलवार रामायण कोई मिथक नहीं है pic.twitter.com/iPSroEHMfE
— Vinod yadav (@Vinodyadav7_) October 27, 2024