UP Basic Shiksha: घने कोहरे के चलते परिषदीय शिक्षक का हुआ एक्सीडेंट, हालत गम्भीर, देखें तस्वीरें और वीडियो
लखनऊ। घने कोहरे के कारण सोमवार को बेसिक शिक्षा के अध्यापक का एक्सीडेंट हो गया है। बताया जा रहा है कि शिक्षक प्रदीप कुमार बदायुं शिवसिंहपुर एटा में बतौर शिक्षक प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत हैं। एक शिक्षक से प्राप्त जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह वह स्कूल जा रहे थे कि मार्ग में घने कोहरे के कारण एक अज्ञात वाहन से उनकी बाइक में जोरदार टक्कर हुई और वह लहूलुहान हो गए। उनकी हालत गम्भीर बताई जा रही है। फिलहाल उनको लखनऊ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
वहीं इस दुर्घटना से प्रदेश भर के शिक्षकों में रोष व्याप्त हो गया है। सालों से ब्लॉक व जनपद के भीतर ट्रांसफर की मांग कर रहे शिक्षकों ने विभागीय उच्चाधिकारियो से लेकर प्रदेश सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा है कि सरकार ने हमें नौकरी क्या दी, हमारी जान की दुश्मन बन गई है। हम पढ़ाने के लिए तैयार हैं और सभी दायित्व पूरी ईमानदारी से निभाने को तैयार हैं, लेकिन जो नियम के तहत कार्य होना चाहिए, वो तो करें।

शिक्षकों को अपने ही गृहजनपद में 150 से लेकर 200 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ रही है। ऊपर से टाइम एंड मोशन के हौव्वे ने शिक्षकों को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर दिया है। तो अगड़े ब्लाकों में सालों से नियुक्त हैं, अब उनकी बारी है पिछड़े ब्लाकों में जाने की तो सरकार ट्रांसफर ही नहीं कर रही है। पिछले सात साल से ट्रांसफर नहीं हुए हैं, जबकि पांच साल में ट्रांसफर हो जाने चाहिए। शिक्षक लगातार ट्विटर पर #upbasicblocktransfer का अभियान चलाकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से ट्रांसफर अथवा परस्पर ट्रांसफर की मांग कर रहे हैं। हालांकि बताया जा रहा है कि महानिदेशक स्कूल शिक्षा विजय किरन आनन्द के पास से परस्पर ट्रांसफर को लेकर प्रपोजल शासन को भेज दिया गया है। अब शिक्षक योगी सरकार की ओर टकटकी लगाए देख रहे हैं। फिलहाल देखना ये है कि इनकी इंतजार खत्म कब होता है।
नवम्बर माह में हुए थे कई एक्सीडेंट
नवम्बर माह में तो लगातार कई एक्सीडेंट हुए थे, जिससे पूरे प्रदेश के शिक्षक भयभीत हो गए थे। 22 नवम्बर को पलिया लखीमपुर के दो शिक्षकों की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। एक का नाम उमेश गंगवार ,विद्यालय फरसयिया टांडा और दूसरे शिक्षक का नाम हरनाम सिंह, विद्यालय हिम्मतनगर बताया गया था। इसी के साथ नौशाद अख्तर निवासी मोहल्ला दलाल टोला जलालपुर प्रधानाध्यापक प्राधमिक विद्यालय सोनगांव उत्तर का जीवत के पास विद्यालय जाते समय भयंकर एक्सीडेंट होने से मौके पर ही मौत हो गई थी।
इसी तरह उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के प्राथमिक विद्यालय नगला सिताब, ग्राम पंचायत सालेहनगर बर्बर, न्याय पंचायत सरेन्डा ब्लॉक खेरागढ़ ,आगरा की सहायक अध्यापिका पद पर कार्यरत अंजू शर्मा का स्कूल से घर लौटते वक्त भरतपुर के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने इतनी तेज टक्कर मारी थी कि उनकी स्कूटी चकनाचूर हो गई थी और इस हादसे में अंजू शर्मा की मौत हो गई थी। इसी तरह अयोध्या-अम्बेडकर नगर मार्ग पर नवम्बर माह में ही सुबह करीब साढ़े 9 बजे स्कूटी सवार शिक्षिका नम्रता सिंह पूराबाज़ार के पूर्वी छोर पर ट्रक की चपेट में आ गयी थीं, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक जनपद अंबेडकर नगर कोतवाली मोजनपुर निवासी नम्रता सिंह (27) शिक्षा क्षेत्र मया बाजार के कम्पोजिट विद्यालय दामोदरपुर में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं।
प्रदेश के अन्य जिलों में भी कोहरे के कारण हुए एक्सीडेंट
घने कोहरे के कारण प्रदेश के तमाम हिस्सों में भी लोग सड़क दुर्घटना के शिकार हुए। मीडिया सूत्रों के मुताबिक औरैया-आगरा लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा हुआ और करीब आधा दर्जन गाड़ियां आपस में टकरा गईं। हादसे में घायल हुए दर्जनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है और पुलिस के साथ ही यूपीडा की टीम ने बचाव राहत कार्य किया। बताया जा रहा है कि मार्ग दुर्घटना का मामला एरवाकटरा थाना अंतर्गत आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे का है।