Lucknow: कक्षा एक से 8 तक के सभी बोर्ड्स के स्कूलों के समय में हुआ परिवर्तन, पढ़ें BSA का आदेश
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के कक्षा एक से 8 तक के सभी बोर्ड्स के स्कूलों के समय परिवर्तन को लेकर जिला बेसिक शिक्षाधिकारी अरुण कुमार ने नया आदेश (17 जनवरी) जारी करते हुए स्कूलों के खुलने का समय शीतकालीन समयानुसार कर दिया है। इसी के साथ पिछला आदेश जो जिलाधिकारी लखनऊ द्वारा दिया गया था, वह निरस्त हो गया है और अब कक्षा एक से 8 तक की कक्षाएं शीतकालीन समय के अनुसार लगाई जाएंगी। अर्थात परिषदीय स्कूल 9 बजे से खुलेंगे व प्राइवेट स्कूल अपने शीतकालीन समय के अनुसार खुलेंगे। यह आदेश सभी बोर्ड्स के स्कूलों पर लागू होगा।
हालांकि जल्दी स्कूल बुलाने को लेकर परिजनों ने जिला बेसिक शिक्षाधिकारी व जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में फोन व पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई है। बता दें कि धूप अवश्य ही निकल रही है लेकिन अभी भी शीतलहर जारी है। ऐसे में तमाम अभिभावकों ने शिकायत की है कि कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों को सुबह साढ़े सात व 8 बजे के करीब बुलाया जा रहा है, इससे बच्चों को जल्दी घर से निलकना पड़ता है और सुबह का तापमान करीब 7 व 8 डिग्री के आसपास होता है और हवा भी अभी ठंडी चल रही है।
ऐसे में इतनी सुबह स्कूल खुलने की वजह से छोटे बच्चों की सेहत पर दुष्प्रभाव पड़ सकता है। हालांकि इस सम्बंध में जिला बेसिक शिक्षाधिकारी से बात की गई तो उन्होंने कहा कि अभिभावकों की शिकायतों को जिलाधिकारी के समक्ष रखा जाएगा। अगर जिलाधिकारी समय बदलने का निर्देश देंगें, तो फिर से स्कूलों का समय बच्चों की सेहत को देखते हुए बदल दिया जाएगा।
बता दें कि 15 जनवरी के आदेश के मुताबिक जिलाधिकारी ने सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक सभी बोर्ड्स के स्कूलों को खोलने का समय कर दिया था, लेकिन 17 जनवरी को जारी नए आदेश में इसे निरस्त कर दिया गया है।
यहां पढ़ें आदेश

