Ganesh Chaturthi: गणेश चतुर्थी पर गणपति की इस तरह करें पूजा, इन सरल उपायों से पूरा साल बना लें खुशहाल

September 7, 2024 by No Comments

Share News

Ganesh Chaturthi: पूरे देश में आज गणेश चतुर्थी की धूम दिखाई दे रही है तो वहीं देश के बाहर भी जहां-जहां पर भारतीय बसे हुए हैं, वो भी इस त्योहार को मनाने के लिए पूरी तैयारी कर चुके हैं. शाम को घरों के साथ ही मंदिरों और पंडालों में 10 दिन के लिए गणपति को विराजमान किया जाएगा. पहले दिन भक्तों द्वारा घरों और पंडालों में गणेश प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी और गणपति की मूर्ति को फूल, माला और अन्य सजावट सामग्रियों से सजाया जाएगा. दसवें दिन गणेश प्रतिमाओं को जल में विसर्जित किया जाएगा. हालांकि गणपति विसर्जन का कार्यक्रम पांचवे दिन से ही शुरू हो जाता है.

मनोकामना पूर्ति के लिए करें उपाय

इसी बीच ज्योतिषी चिराग दारूवाला ने गणेश चतुर्थी के लिए कुछ उपायों का बयान जारी किया है जो कि सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वह कहते हैं कि भगवान गणेश की पूजा करते समय साफ और हरे रंग के कपड़े पहनें। इसके साथ ही भगवान गणेश की मूर्ति या तस्वीर को पीले रंग के आसन पर विराजमान करें। इससे भगवान गणेश बहुत प्रसन्न होंगे और आपकी सभी समस्याएं दूर होंगी।

सनातन धर्म में गाय को दिव्य पशु माना जाता है। ऐसा माना जाता है कि गाय के अंदर 33 करोड़ देवी-देवता निवास करते हैं। ऐसे में श्री गणेश चतुर्थी के दिन गाय को हरा चारा खिलाने से ग्रह दोष दूर होते हैं।

श्री गणेश चतुर्थी के दिन भगवान गणेश के माथे पर चंदन, अक्षत और तिलक लगाएं। इससे भगवान गणेश बहुत प्रसन्न होते हैं और आपके लिए सौभाग्य भी लेकर आते हैं।

श्री गणेश चतुर्थी के दिन हरे चने का दान करने से भगवान बुध प्रसन्न होते हैं। किसी भी जातक की कुंडली में भगवान बुध को व्यापार और संचार का कारक माना जाता है। ऐसे में आपको अपने कार्य व्यवसाय में तरक्की के लिए यह उपाय जरूर अपनाना चाहिए। आपको शुभ फल प्राप्त होंगे।

श्री गणेश चतुर्थी के दिन पांच दूर्वा में ग्यारह गांठ लगाकर उसे लाल कपड़े में बांधकर भगवान गणेश के सामने रख दें, इसके बाद भगवान गणेश का ध्यान करें। इससे आपकी आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा।

श्री गणेश चतुर्थी के दिन गाय के घी में सिंदूर मिलाकर दीपक जलाएं। फिर इस दीपक को भगवान गणेश के सामने रखें। इस दिन श्री गणेश को गेंदे के फूल चढ़ाएं और गुड़ का भोग लगाएं। इससे आपको शुभ फल की प्राप्ति होगी।

पूजन विधि
गणेश चतुर्थी के दिन गणेश जी की मूर्ति और जल से भरा कलश साफ चौकी पर रखना चाहिए. दीपक जलाएं और ‘ॐ गणपतये नमः’ मंत्र का जाप करते हुए गणेश जी का ध्यान करें। गणेश जी की मूर्ति को पंचामृत और जल से स्नान कराएं, फिर रोली, चंदन, कुमकुम, फूल, दूर्वा, पान, सुपारी और मिठाई (मोदक) चढ़ाएं। धूप, दीप और कपूर से आरती करें और ‘ॐ जय गणेश, देवा’ आरती गाएं। पूजा के अंत में प्रसाद बांटना चाहिए.

DISCLAIMER:यह लेख धार्मिक मान्यताओं व धर्म शास्त्रों पर आधारित है। हम अंधविश्वास को बढ़ावा नहीं देते। पाठक धर्म से जुड़े किसी भी कार्य को करने से पहले अपने पुरोहित या आचार्य से अवश्य परामर्श ले लें। KhabarSting इसकी पुष्टि नहीं करता।)