शर्मनाक: हरियाणा कांग्रेस के मंच पर महिला नेता के साथ “बैड टच”…Video वायरल, कुमारी शैलजा ने कही ये बात, भाजपा ने बोला हमला

October 6, 2024 by No Comments

Share News

Congress: हरियाणा कांग्रेस के मंच पर एक महिला कार्यकर्ता के साथ बैड टच की हुई हरकत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इसमें साफ दिखाई दे रहा है कि एक पुरुष ने किस तरह से उनको गलत तरीके से छुआ तो वहीं एक अन्य कार्यकर्ता ने तुरंत उसका हाथ हटाया है. कांग्रेस के मंच पर महिला नेता के साथ हुए इस छेड़छाड़ के मामले में जहां भाजपा ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है तो वहीं कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने भी इस घटना को शर्मनाक बताया है.

भाजपा ने बोला हमला

इस छेड़छाड़ को लेकर बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने इस वीडियो को शेयर किया है और कहा है कि‘एक किसान महिला कांग्रेस नेत्री के साथ कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा के सामने, भरी सभा में, खुले मंच पर, छेड़छाड़ की जाती है और कांग्रेस के नेताओं ने इस पर चुप्पी साधी हुई है. मालवीय ने ये भी कहा है कि इसको लेकर किसान संगठनों में कांग्रेस के प्रति बहुत गुस्सा है. वहीं भाजपा नेता गौरव भाटिया ने भी इस वीडियो को शेयर किया है और कहा है कि “लड़की हूं लड़ सकती हूं के बाद अब, कांग्रेस का नेता हूं, मंच पर भी कुछ भी कर सकता हूं। हरियाणा ही नहीं समूचे देश को शर्मसार कर देने वाली कांग्रेस के नेता की हरकत। क्या यही कांग्रेस का महिला सम्मान है? हरियाणा की जनता इन चरित्रहीन कांग्रेसियों को जरूर जवाब देगी।”

इससे बुरा क्या हो सकता है

इस घटना को लेकर कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा के बयान का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने इस घटना पर गहरी नाराजगी जताई है और कहा है कि मैंने उनसे बात की, वो मुझे बता रही हैं कि उनके साथ वहां छेड़छाड़ की गई। मैंने उनसे इस बात की पुष्टि की है. इसी के साथ ही वायरल वीडियो भी देखा है. अगर आज किसी महिला के साथ ऐसा होता है, तो इससे बुरा और निंदनीय क्या हो सकता है.

कोहनी भी मारी

कुमारी शैलजा ने ये भी बताया कि जब मैंने उनसे (सोनिया) बात की तो उन्होंने बताया कि कुछ लोग उन्हें छू रहे थे, कोहनी मार रहे थे और मंच से उन्हें हटाने की कोशिश कर रहे थे. आज किसी महिला के साथ ऐसा कुछ होता है तो इससे बुरा और क्या हो सकता है यह बेहद निंदनीय है. उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों का बहिष्कार होना चाहिए और उनके खिलाफ एक्शन लेना चाहिए.

जानें कौन हैं सोनिया दुहन?

मालूम हो कि सोनिया दुहन हरियाणा में कांग्रेस की तेजतर्रार महिला नेता हैं. उन्होंने महज 21 साल की उम्र में ही अपना राजनीतिक सफर शुरू कर दिया था. उनका जन्म 1992 में हरियाणा के हिसार में हुआ था. कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से स्नातक करने के बाद पायलट की ट्रेनिंग लेने के लिए वह कुरुक्षेत्र से पुणे गईं. इसी दौरान उनकी मुलाकात एनसीपी प्रमुख शरद पवार से हुई और फिर इसी के बाद उन्होंने राजनीति में आने का फैसला किया और एनसीपी ज्वाइन कर ली. वह एनसीपी के छात्रसंघ में भी शामिल रहीं.

ये भी पढ़ें-Amethi: रोकी जा सकती थी शिक्षक की हत्या…! विधायक का दावा, रायबरेली पुलिस भी जांच के घेरे में; सीएम योगी ने पीड़ित परिवार के लिए किया ये ऐलान-Video