Lucknow University: लखनऊ विश्वविद्यालय को मिली बड़ी उपलब्धि… इतने पेटेंट के लिए किया आवेदन

December 4, 2024 by No Comments

Share News

Lucknow University: विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में एक बार फिर लखनऊ विश्वविद्यालय ने फिर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय की ओर से बुधवार को छह पेटेंट के लिए आवेदन किया गया है। ये पेटेंट विज्ञान और प्रौद्योगिकी के विभिन्न क्षेत्रों में उन्नत तकनीकों और खोजों को आगे बढ़ाने की दिशा में एक कदम है। इनमें से दो पेटेंट प्राणि विज्ञान विभाग और चार पेटेंट भौतिक विज्ञान विभाग द्वारा दाखिल किए गए हैं।

भौतिक विज्ञान विभाग द्वारा दिये गये इन आवेदनों में प्रमुख तौर पर सूक्ष्म कणों का संश्लेषण और इसके माध्यम से पानी में मौजूद अशुद्धियों को नष्ट करने की विधि, भारी धातुओं का पता लगाने के लिए मशीन लर्निंग आधारित प्रणाली, एवं नैनोकणों से बने पपेर सेंसर, एवं खाद्य संरक्षक का पता लगाने वाले किट जैसी नवीन तकनीकों को पेटेंट के लिए प्रस्तुत किया गया है।

इसके अलावा प्राणि विज्ञान की ओर दाखिल आवेदनों में फेफड़ों के एडेनोकार्सिनोमा के उपचार के लिए दवाओं का मिश्रण तैयार करने और ऑस्टियोपोरोसिस के प्रबंधन के लिए एक विशेष फॉर्मूला शामिल हैं। इन पेटेंट आवेदनों से पर्यावरण, स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में कई नई संभावनाएं पैदा होंगी। यह 6 पेटेंट, लखनऊ विश्वविद्यालय की उस पहल के तहत हैं जहाँ विश्वविद्यालय अपने शिक्षकों एवं छात्रों के पेटेंट वाले शोधों को बढ़ावा देता है और उसके सम्पूर्ण प्रसंस्करण, जिसमें दस्तावेजी एवं वित्तीय मदद भी शामिल है उनको प्रदान करता है।

विश्वविद्यालय के कुलपति, प्रो अलोक कुमार राय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह शोधकर्ताओं की मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने इसे संस्थान की वैज्ञानिक क्षमता को नई ऊंचाई पर ले जाने वाला कदम बताया। इस तरह के पेटेंट आवेदन न केवल लखनऊ विश्वविद्यालय के शोध कार्यों की बढ़ती गुणवत्ता को दर्शाते हैं, बल्कि इसे देश के एक अग्रणी संस्थान के रूप में स्थापित भी करते हैं। यह विश्वविद्यालय की वैज्ञानिक और तकनीकी क्षमता को प्रकट करता है और भारतीय शिक्षा क्षेत्र में इसके योगदान को महत्वपूर्ण बनाता है।

ये भी पढ़ें-समुद्र किनारे योगा कर रही थी 24 साल की अभिनेत्री…अचानक आई तेज लहर बहा ले गई, मौत-Video