घोटाले से लेकर वादाखिलाफी तक…BJP मेयर के बेटे ने मंच पर ही खोल कर रख दी मोदी सरकार की पोल-Video
Indore: सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें एक युवक मोदी सरकार की तमाम गलतियों को गिनाता दिखाई दे रहा है. दरअसल ये वीडियो इंदौर के देवी अहिल्या बाई ऑडिटोरियम से सामने आया है. यहां पर दिवंगत निर्भय सिंह पटेल की स्मृति में वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था.
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी मौजूद थे. तो वहीं मंच पर बीजेपी के मेयर पुष्यमित्र भार्गव के बेटे संघमित्र भार्गव ने केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला और बुलेट ट्रेन सहित कई योजनाओं में वादा खिलाफी का आरोप लगाया.
प्रतियोगिता में इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव के बेटे संघमित्र ने मंच से अपनी बात को रखते हुए कहा कि केंद्र सरकार की कई योजनाओं, खासकर बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट को वादा खिलाफी तक कह डाला. यही नहीं सत्ता को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि करोड़ों रुपये खर्च हो गए, जमीन अधिग्रहण में घोटाले हो गए, लेकिन बुलेट ट्रेन सरकार की पीपीटी से बाहर नहीं आ पा रही है.
इंदौर में भाजपा महापौर के पुत्र संघमित्र भार्गव केंद्र सरकार पर खूब बरसे! अवसर था इंदौर में स्व. निर्भय सिंह पटेल स्मृति वाद विवाद प्रतियोगिता का।
बड़ी बात ये है कि जब महापौर पुत्र केंद्र सरकार पर आरोपों की झड़ी लगा रहे थे तब मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष, सांसद, मंत्री एवं… pic.twitter.com/ih4U6ZTVMi
— Yogendra Singh Parihar (@Yogendra_INC) September 5, 2025
मजे की बात तो ये है कि एक तरफ जहां मेयर के बेटे मोदी सरकार पर आरोप पर आरोप लगाते रहे तो वहीं दूसरी ओर मंच पर मौजूद मुख्यमंत्री मोहन यादव और महापौर पुष्यमित्र भार्गव चुप्पी साधे सब सुनते रहे और मजबूरन तालियां भी बजाते रहे.
सीएम मोहन यादव ने संघमित्र को लेकर कही ये बात
संघमित्र के तीखे भाषण के बाद जब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बोलना शुरू किया, तो उन्होंने अपने ही अंदाज में महापौर पर हल्की-फुल्की चुटकी लेकर माहौल को हल्का करने की कोशिश की. सीएम मोहन यादव ने कहा कि हमारा भतीजा अच्छा बोला. यही तो देश के लोकतंत्र को मजबूत करेंगे. लोकतंत्र में सभी को बोलने का हक है, लेकिन मैं संघमित्र के कुछ विषय जरूर सुधरवाऊंगा.
इन मुद्दों पर घेरा केंद्र सरकार को
संघमित्र ने मंच से केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा “सरकार कहती है कि कवच सिस्टम से रेल हादसे कम हो जाएंगे, लेकिन पिछले 10 साल में करीब 20 हजार लोगों ने रेल हादसों में अपनी जान गंवाई है.” वह भावुक होकर आगे बोले जब रेल पटरी से उतरती और डिब्बे टूटते हैं तो सिर्फ डिब्बे ही नहीं टूटते बल्कि एक मां की गोद सूनी हो जाती है. किसी बच्चे का भविष्य अंधकार में चला जाता है.”
मोदी सरकार पर आरोपों की झड़ी लगाते हुए आगे कहा कि “रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास की बात होती है. सरकार कहती है 400 स्टेशन एयरपोर्ट जैसे बनाएंगे लेकिन बनते हैं सिर्फ 20. सरकार कहती है सबका साथ सबका विकास लेकिन रेलवे में हो रहा है दलाल का साथ, जनता का विनाश.”
कांग्रेस नेता ने ली चुटकी
सोशल मीडिया पर इस वीडियो के वायरल होते ही विपक्षी दलों ने भाजपा पर निशाना साधना शुरू कर दिया है. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने संघमित्र भार्गव की तारीफ करते हुए एक्स पर लिखा कि संघमित्र भार्गव एक प्रभावशाली वक्ता है.
तो वहीं एक्स पर Deepesh Patel (@Deepeshpatel87) नाम के यूजर ने लिखा “हिरणाकश्यप के घर प्रहलाद का जन्म लेना इसी को कहा गया है, बीजेपी महापौर के बेटे ने साबित कर दिया!! इस लड़के को सुनकर आप भी हैरान हो जाएंगे।
दरअसल एक प्रतियोगिता के दौरान इंदौर महापौर के बेटे ने बीजेपी के बड़े बड़े नेताओं के सामने ही केंद्र सरकार की पोल खोल कर रख दी।“ इसी तरह विपक्षी दल के समर्थक भी लगातार इस वीडियो को शेयर कर मोदी सरकार की आलोचना कर रहे हैं और संघमित्र को प्रहलाद की संज्ञा दे रहे हैं.
ये भी पढ़ें-महिला IPS ने डिप्टी CM को पहचानने से किया इंकार तो हो उठे आगबबूला-Video; जानें कौन हैं अंजना कृष्णा?