UP:भाजपा की तिरंगा यात्रा में चले लात-घूसे, वायरल हुआ वीडियो, अखिलेश यादव ने भाजपा पर साधा निशाना, देखें क्या कहा
भाजपा की तिरंगा यात्रा में जमकर लात-घूसे चले। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कुछ लोग हाथ में तिरंगा लिए हैं और एक तरफ जमकर घूसे बरसाए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि बुधवार को उत्तर प्रदेश (UP) के कानपुर जिले में भाजपा ने तिरंगा यात्रा निकाली थी। यात्रा जैसे ही मोतीझील में पहुंची कुछ अज्ञात लोगों ने हमला बोल दिया और फिर जमकर लात-घूसे चले। बताया जा रहा है कि तिरंगा यात्रा के बहाने कुछ संदिग्ध लोगों ने शहर का माहौल बिगाड़ने की कोशिश की थी।
बड़ी बात ये है कि जिस तिरंगा यात्रा में मारपीट हुई, उसी में कुछ समय बाद उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक हिस्सा लेने वाले थे। हालांकि कुछ लोगों के बीच बचाव के बाद मामला शांत हो गया था। इसके बाद बृजेश पाठक ने हिस्सा लिया था। फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई भी नहीं की गई है। वहीं इस वीडियो पर चुटकी लेते हुए सपा प्रमुख व पूर्व मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश, अखिलेश यादव ने ट्वीट करते हुए भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि भाजपा तिरंगा यात्रा को दंगा यात्रा न बनाये।