CRPF जवान को कथित कांवड़ियों ने लात-घूसों से पीटा… सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने की ये मांग-Video

July 21, 2025 by No Comments

Share News

Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा लगातार जारी है. इसी बीच कई जगहों से कथित कांवड़ियों द्वारा हिंसा करने की खबरें भी सामने आई हैं. इसी बीच केंद्रीय रिजर्व पुलिस (CRPF) के एक जवान के साथ कथित कांवड़ियों द्वारा लात-घूसों से पीटे जाने का वीडियो भी सामने आया है. आरोप है कि कथित कांवड़ियों ने वर्दी का भी लिहाज नहीं किया और जवान को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से जमकर पीटा. इस दौरान जवान का बेटा भी साथ में था.

घटना शनिवार यानी 19 जुलाई को मिर्जापुर रेलवे स्टेशन से सामने आई है. इस मामले में पुलिस ने 7 लोगों को हिरासत में लिया है. तो वहीं घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट करते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने नाराजगी दर्ज कराई है और कहा है “इस घटना का सख़्ती से संज्ञान लिया जाए! दोषियों के चेहरों की पहचान करके तुरंत कार्रवाई हो। सुरक्षा बलों के मान-सम्मान के साथ समझौता किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है।”

तो वहीं कई सोशल मीडिया यूजर्स भी इस घटना को शर्मनाक बता रहे हैं और कह रहे हैं कि जो कांवड़िए भगवान शिव का नाम लेते हुए उनको जल चढ़ाने के लिए जाते हैं, वो इतना घटिया कृत्य नहीं कर सकते. जरूर ही कांवड़ यात्रा को बदनाम करने के लिए कुछ अराजक तत्वों द्वारा ये कृ्त्य कांवड़ यात्रियों के भेष में किया गया है. सभी को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई पुलिस को करनी चाहिए.

जानें क्या है पूरा मामला?

सोशल मीडिया पर वायरल खबरों के मुताबिक, ये विवाद टिकट खरीदने के दौरान हुआ.CRPF जवान मिर्जापुर रेलवे स्टेशन से ब्रह्मपुत्र मेल ट्रेन पकड़ने जा रहे थे. तभी टिकट विवाद में कथित कांवड़ियों ने सरेआम प्लेटफॉर्म पर जवान को लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा. इस दौरान उनके बेटे ने उन्हें बचाने की कोशिश की. यह पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई जो कि अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है.

जा रहे थे ड्यूटी के लिए

घटना के तुरंत बाद ही मारपीट की सूचना रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को दी गई. इस पर RPF ने तत्काल कार्रवाई करते हुए FIR दर्ज की और सात लोगों को हिरासत मेंले लिया. इस मामले में RPF प्रभारी निरीक्षक के निरीक्षक चमन सिंह तोमर का एक बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें उन्होंने घटना की पुष्टि करते हुए कहा है “मामला आज सुबह (19 जुलाई) साढ़े नौ से पौने दस बजे के बीच का है.” उन्होंने बयान में कहा कि एक CRPF के जवान अपनी ड्यूटी के लिए ब्रह्मपुत्र मेल पकड़ने के लिए आए थे. लाल कपड़ों में कुछ लड़के थे जिनसे उनका विवाद हुआ है और फिर मारपीट हुई. इस संबंध में हम लोगों ने 7 आरोपियों को हिरासत में लिया है.आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराई जा रही है.

नाबालिगों को भेजा गया चाइल्ड लाइन

RPF प्रभारी निरीक्षक के निरीक्षक चमन सिंह तोमर ने अपने बयान में ये भी बताया कि तीन वयस्क आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तो वहीं चार नाबालिग आरोपियों को चाइल्ड लाइन भेज दिया गया है.

18 जुलाई को सीएम योगी ने कांवड़ियों का किया था खुला समर्थन

समाज के लिए ये शर्म की बात है कि CRPF जवान के साथ ये मारपीट की घटना उस वक्त आई है, जबकि एक दिन पहले ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ियों का खुला समर्थन किया था. सोशल मीडिया पर सीएम योगी आदित्यनाथ की एक वीडियो वायरल हो रहा है. यह वीडियो 18 जुलाई का है. इस वीडियो में वह कहते दिख रहे हैं कि कांवड़ यात्रा चल रही है. श्रमिक वर्ग से लेकर उच्च वर्ग तक यानी हर व्यक्ति कांवड़ यात्रा में हिस्सा ले रहा है. ये एकता का अद्भुत प्रदर्शन है. इसमें जाति, क्षेत्र, वर्ग, धर्म या समुदाय का कोई भेदभाव नहीं है लेकिन मीडिया ट्रायल होता है,बदनाम किया जाता है. खूब उसके बारे में लिखा जाता है. उन्हें उपद्रवी और आतंकवादी तक बोलने का दुस्साहस होता है.

मालूम हो कि सीएम योगी आदित्यनाथ ने ये बयान कांवड़ यात्रियों की कथित हिंसा और तोड़फोड़ की कई घटनाओं के मद्देनजर ही दिया था और इसी बयान के एक दिन बाद जवान के साथ मारपीट की ये घटना सामने आई है, जिसकी सोशल मीडिया पर जमकर निन्दा की जा रही है.

ये हुई है ताजा घटनाएं

सोशल मीडिया पर वायरल तमाम खबरों के मुताबिक, हाल ही में गाजियाबाद में कांवड़ियों ने एक कार से कांवड़ के टकरा जाने पर कथित रूप से बवाल काट दिया था और तोड़फोड़ कर दी थी. आरोप है कि मोदीनगर और हरिद्वार के अपर रोड पर कांवड़ियों ने तोड़फोड़ की.यह घटना 14 जुलाई को सामने आई थी.

इसी तरह मुजफ्फरनगर कथित कांवड़ियों के एक ग्रुप ने सड़क किनारे एक ढाबे में कथित तौर पर तोड़फोड़ की.उन्होंने आरोप लगाया था कि ढाबे के मुस्लिम मालिक ने अपनी पहचान छिपाई थी.

तो वहीं कानपुर में भी कांवड़ यात्रा के दौरान हिंसा की खबर सामने आई थी. सोशल मीडिया पर वायरल खबरों के मुताबिक,इस घटना में आरोप था कि एक होमगार्ड, एक सिक्योरिटी गार्ड और एक स्टूडेंट वॉलंटियर पर कथित तौर पर कांवड़ियों ने हमला किया था और फिर बाद में पुलिस स्टेशन में भी तोड़फोड़ की थी.

तो वहीं ताजा घटना उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से भी सामने आई है. इस मामले में पुलिस ने चार कांवड़ियों को गिरफ्तार किया था. आरोप था कि इन्होंने दिल्ली-हरिद्वार नेशनल हाईवे को रोकने के साथ ही बहादराबाद के पास सार्वजनिक संपत्ति को क्षति पहुंचाई. इस मामले में अधिकारियों ने बयान में कहा था कि कथित कांवड़ियों ने एक मामूली विवाद पर हंगामा काट दिया और बैरिकेड्स लगाकर ट्रैफिक रोक दिया था.

ये भी पढ़ें-महिला पुलिस अधिकारी ने कांवड़िए के दबाए पैर…अखिलेश यादव ने कसा तंज; शेयर किया Video