Covid-19: कोरोना महामारी की भीषण मार झेल चुके भारत की एक बार फिर बढ़ी चिंता, अत्यधिक संक्रामक नए ओमिक्रॉन सब वेरिएंट बीएफ-7 का चला पता
कोरोना महामारी की भीषण मार झेल चुके भारत के लिए एक बार फिर से चिंता की खबर सामने आ रही है। जहां एक ओर कोरोना के मामलों में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है तो वहीं दूसरी ओर एक नया खतरा मंडराने लगा है। यहां एक नया ओमिक्रॉन (कोरोना वायरस) सब वेरियंट का पता चला है, जिससे देश की चिंता बढ़ गई है और नए सिरे से लोगों के लिए खतरा पैदा हो गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गुजरात बायोटेक्नॉलॉजी रिसर्च सेंटर ने बीएफ 7 के पहले मामले का पहला लगा लिया है। बीएफ-7 नाम के इस नया ओमिक्रॉन वेरियंट (Omicron Variant) को अत्यधिक संक्रामक माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि इसमें अधिक संचरण की क्षमता है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक चीन में मंगोलिया के एक क्षेत्र से इसके सामने आने के बाद ओमिक्रॉन सब वेरिएंट बीए 5.1.7 अब विश्व के अन्य हिस्सों में भी धीरे-धीरे फैल रहा है। इससे दुनिया के सामने एक नया खतरा पैदा हो गया है। विशेषज्ञों ने त्योहारी सीजन में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है साथ दी दावा किया है कि ओमिक्रॉन वेरिएंट बीएफ-7 और बीए 5.1.7 चीन में Covid-19 के मामलों में हालिया उछाल के लिए भी जिम्मेदार है।