Gujarat: मोरबी पुल हादसे के वायरल वीडियो पर छिड़ा ट्विटर वार, भाजपा नेता ने कहा साजिश तो विपक्ष ने कहा हवा का वेग, 9 गिरफ्तार 130 से अधिक की गई जान, घटना से एक दिन पहले लिखा, “कल बीजेपी गुजरात की कब्र खोदी जाएगी”
गुजरात के मोरबी में मच्छु नदी में केबल पुल टूटने के हादसे पर ट्विटर वार छिड़ गया है। जहां एक ओर घटना में अभी तक 130 की जान जाने की खबर सामने आ रही है और 9 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है, तो वहीं सोशल मीडिया पर जमकर पक्ष और विपक्ष एक-दूसरे पर कीचड़ उछाल रहे हैं। भाजपा नेता इस घटना को साजिश बता रहे हैं तो वहीं विपक्ष की ओर से कहा जा रहा है कि हवा के वेग के कारण लोगों ने पकड़ रखा था केबल पुल को और पुल भरभरा कर टूट गया।
इस घटना का एक वीडियो वायरल करते हुए सेवानिवृत्त आईएएस सूर्य प्रताप सिंह ने ट्विटर पर लिखा कि, “गिरने से पहले पुल हवा के वेग से हिल रहा है। गुजरात सरकार के भ्रष्टाचार को छुपाने के लिए जनता को मुजरिम ठहराना बंद करो, चाटुकार चैनलों।” तो वहीं भाजपा के नीलकांत बख्शी ने वीडियो वायरल करते हुए लिखा है, “ये क्या साज़िश हो सकती है?” इसी के साथ भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने लिखा “मोरबी के भयानक हत्याकांड से एक दिन पहले इन ट्वीट्स का अर्थ क्या है ?” इसी के साथ उन्होंने दो ट्विटर के स्क्रीन शॉट खींचकर वायरल किए हैं, जो कि 29 अक्टूबर के हैं।
एक ट्विट पर लिखा है कि “कल (30 अक्टूबर, घटना वाले दिन) भाजपा को गुजरात में तगड़ा झटका लगेगा।” ये ट्विट नरेश बालयान द्वारा किया गया है, जो कि आप पार्टी के दिल्ली में MLA हैं। तो एक अन्य ट्विट में लिखा है, “कल बीजेपी गुजरात की कब्र खोदी जाएगी, रंगा-बिल्ला तैयार रहें।” ये ट्विट किशलय शर्मा द्वारा किया गया है। बता दें कि इन दोनों में से एक ट्विट 28 अक्टूबर का है और दूसरा ट्विट घटना से एक दिन पहले, यानि 29 अक्टूबर को किया गया है। इसी तरह अन्य तमाम ट्विट पक्ष और विपक्ष द्वारा किया जा रहा है। जहां सत्ता पक्ष अपना बचाव करती नजर आ रहा है तो वहीं विपक्ष तमाम आरोपों के साथ सत्ता पक्ष को सवालों के कटघरें में खड़ा कर रहा है। बता दें कि जल्द ही गुजरात में चुनाव होने वाले हैं।
मोरबी में हुए पुल हादसे पर राजकोट से सांसद मोहनभाई कुंदरिया ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “यह हादसा बेहद दुखद है। मैं शाम से यहीं पर हूं। 100 से ज्यादा लोगों की बॉडी मिल चुकी है। यहां कई अधिकारी मौजूद हैं। जिसकी गलती होगी, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। किसी को भी छोड़ा नहीं जाएगा। इस हादसे की सच्चाई 100 फीसदी सामने आएगी। मामले में पीएम मोदी भी लगातार नजर बनाए हुए हैं। रातभर वह फोन पर इसकी जानकारी लेते रहे हैं।” इसी के साथ ये भी जानकारी सामने आ रही है कुंदरिया के बहन की ओर के करीब 12 रिश्तेदार इस घटना में मौत के शिकार हो गए हैं। इस घटना को लेकर रूप से राष्ट्रपति ने भी दुख प्रकट किया है।
एनडीआरएफ के डीआईजी मोहसेन शाहिदी ने बताया कि स्थानीय प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 130 शव बरामद हुए हैं और कुछ अभी भी लापता हैं। उनका पता लगाने के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है। एनडीआरएफ की 5 टीमें तैनात हैं। एसडीआरएफ, फायर ब्रिगेड, सेना, गरुड़ कमांडो भी हैं। जल्द ही सर्च ऑपरेशन खत्म हो जाएगा।” मोरबी बी डिवीजन पुलिस इंस्पेक्टर प्रकाशभाई देकावड़िया द्वारा पुल के रखरखाव और एमजीएमटी एजेंसियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। एफआईआर धारा 304 (गैर इरादतन हत्या), 308 (गैर इरादतन हत्या करने का प्रयास) और 114 के तहत की गई है।
बता दें कि सोशल मीडिया पर पुल पर लगे सीसीटीवी फुटेज जो वायरल हो रहा है, वह चौंकाने वाले हैं। उससे स्पष्ट हो रहा है कि पुल पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए थे इनमें से कुछ शरारती लड़कों ने पहले पैर से फिर हाथों से पुल को हिलाया है। इसी दौरान पुल टूट कर गिर गया। मालूम हो कि पुल 140 साल पुराना था और हाल ही में खोला गया था। इस हादसे में बड़ी सख्या में युवा, महिलाएं और बच्चों की जान गई है। कुल मिलाकर वीडियो देखकर ये बात साफ हो रही है कि पुल पर मौत से पहले ही मौत का तांडव खेला गया और फिर अंत में पुल टूट गया और सैकड़ों की जान चली गई।
मरम्मत के बाद खोला गया था 25 अक्टूबर को
गुजरात के मोरबी में रविवार (30 अक्टूबर) शाम करीब 6.30 बजे केबल सस्पेंशन ब्रिज टूट गया था। इससे 400 से अधिक लोग मच्छु नदी में गिर गए। इस भयंकर हादसे में 130 से ज्यादा लोगों की मौत की खबर है। इनमे 50 से ज्यादा बच्चे और महिलाएं हैं। हादसे में राजकोट के भाजपा सांसद मोहन कुंदरिया की फैमिली के 12 लोगों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, पुल 6 महीने से मेंटेनेंस और रिनोवेशन के लिए बंद था। करीब 2 करोड़ रुपए की लागत से यह काम पूरा किया गया था। 25 अक्टूबर को इसे आम लोगों के लिए खोला गया था। हालांकि इसके लिए परमिशन नहीं ली गई थी। जिला प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर (02822243300) जारी किया है। घायलों के इलाज के लिए मोरबी और राजकोट हॉस्पिटल में इमरजेंसी वार्ड बनाया गया है। (सभी तस्वीरें व वीडियो सोशल मीडिया)
यहां देखें वीडियो, जिस पर छिड़ा ट्विटर वार