कबाड़ में मिला 1.5 लाख का सोना…हाजी अख्तर ने असली मालिक को लौटाया-Video
Haryana News: हरियाणा के फरीदाबाद से दिल को छू लेने वाली खबर सामने आ रही है. दरअसल कबाड़ का व्यापार करने वाले सेक्टर 3, भगत सिंह कॉलोनी में रहने वाले स्क्रैप डीलर हाजी अख्तर को कबाड़ में ₹1.5 लाख का सोना मिला. इस पर उन्होंने ईमानदारी की मिसाल पेश करते हुए उसके मालिक LIC एजेंट अशोक शर्मा को लौटा दिया. इसकी चर्चा सोशल मीडिया पर जमकर हो रही है तो वहीं हाजी अख्तर का वीडियो भी खूब वायरल हो रहा है.
इसकी जानकारी देते हुए ACP बल्लभगढ़, जीतेश मल्होत्रा ने बताया कि सेक्टर 3, भगत सिंह कॉलोनी में रहने वाले स्क्रैप डीलर हाजी अख्तर को सोने की ज्वेलरी का एक डिब्बा मिला. ये डिब्बा चार महीने तक कबाड़ के बीच पड़ा रहा. जैसे ही उन्हें इसकी जानकारी मिली उन्होंने इसे सही-सलामत उसके मालिक को लौटा दिया है. एसीपी ने कहा की हाजी अख्तर की ईमानदारी तारीफ के काबिल है और लोगों को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए.
ये ख़ान साहब हैं। कबाड़ का व्यापार करते हैं। लेकिन इनका दिल हीरे का है। इन्होंने कबाड़ में आया 100 ग्राम सोना (लगभग 15 लाख का) अशोक शर्मा को वापस लौटा दिया। दरअसल हरियाणा के फरीदाबाद में रहने वाले अशोक शर्मा ने गलती से कबाड़ी को कबाड़ के साथ सोना भी दे दिया।
घटना दिवाली के… pic.twitter.com/ql6brIszj1
— Bhadohi Wallah (@Mithileshdhar) February 19, 2026
चार महीने तक कबाड़ में पड़ा रहा ज्वेलरी से भरा बॉक्स
सोशल मीडिया पर हाजी अख्तर का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में उन्होंने बताया कि करीब 6 महीने पहले शर्मा जी कबाड़ स्क्रैप में बेच गए थे लेकिन फिर दो महीने पहले वह आए थे और कहा कि कबाड़ में उनका करीब 100 ग्राम सोना आ गया है, क्या उनको मिला? इस पर हाजी अख्तर ने कहा कि आप देख लीजिए, अगर मिल जाए तो, लेकिन उस वक्त नहीं मिला. हाजी अख्तर ने आगे बताया कि दो दिन पहले जब वह जमा किए गए कबाड़ को ट्रक में लोड कर रहे थे. इसी दौरान एक बॉक्स के अंदर कुछ हिलने की आवाज आई. इस पर उन्होंने उसे खोला तो सोने की ज्वेलरी मिली.
पहले उनको लगा कि ये असली है कि नहीं, इस पर सोनार के यहां जांच कराई तो पता चला कि सोना असली है और 100 ग्राम है. इस पर उन्हें अशोक शर्मा की याद आई, जो चार महीने पहले उनके पास अपनी ज्वेलरी ढूंढने आए थे. इस पर उनको लगा कि ये सोना हो न हो शर्मा जी का ही है.
उस समय अशोक शर्मा ने हाजी अख्तर को अपना मोबाइल नंबर दिया था. इस पर हाजी अख्तर ने उस नंबर पर उन्हें फोन किया और ज्वेलरी का डिब्बा मिलने की जानकारी दी. इस पर अशोक बहुत खुश हुए क्योंकि उन्होने सोना वापस मिलने की उम्मीद खो दी थी. हाजी अख्तर ने कहा कि अगर वह इसे रख भी लेते तो इससे उनका कोई भला नहीं होने वाला था, क्योंकि वो जो काम करते हैं उसी से उनकी रोजी रोटी चलती है.
हाजी अख्तर ने बताया कि 50 साल पहले वह फरीदाबाद खाली हाथ आए थे लेकिन आज मेहनत और ईमानदारी से उन्होंने बहुत कुछ कमाया है. इस तरह के धन की उनको कोई लालसा नहीं है. फिलहाल ACP बल्लभगढ़ जितेश मल्होत्रा की मौजूदगी में हाजी अख्तर ने अशोक शर्मा और उनकी पत्नी को सोने के सारे आभूषण वापस कर दिए.
महाकुंभ जाने से पहले ज्वैलरी छुपा गए थे कबाड़ में
कबाड़ तक ज्वैलरी कैसे पहुंची के सवाल पर सेक्टर 3 में रहने वाले LIC एजेंट अशोक शर्मा ने बताया कि जनवरी 2025 में वह अपने परिवार के साथ प्रयागराज में महाकुंभ मेले में जाने वाले थे और इस दौरान घर खाली था. इस पर चोरी के डर से उन्होंने एक अनोखा तरीका निकाला और सोने की सारी ज्वेलरी एक पुराने डिब्बे में पैक कर के करीब 100 ग्राम वजन के कबाड़ के बोरे में छिपा दी. उन्होंने सोचा कि अगर चोर घर में आए, तो वे अलमारियों में देखेंगे और कबाड़ तक नहीं पहुंचेंगे.
इसके बाद वह कुंभ मेले चले गए लेकिन वहां से लौटने के बाद वे ज्वेलरी को कबाड़ के बोरे से निकालना भूल गए और फिर दीवाली की सफाई के दौरान कबाड़ को हाजी अख्तर के पास बेच दी. इसी के साथ ही सोने की ज्वेलरी से भरा बॉक्स भी हाजी अख्तर के पास ही चला गया.
दीवाली पर याद आया ज्वैलरी का बॉक्स
अशोक शर्मा ने बताया कि दिवाली पर जब लक्ष्मी पूजा का समय आया तब ज्वेलरी की ज़रूरत पड़ी इस पर उनको याद आया कि ज्वेलरी कबाड़ में रखी है और बॉक्स कबाड़ के साथ बिक गया है. इस पर तुरंत हाजी अख्तर के पास गए और उन्हें सब कुछ बताया. इस पर हाजी अख्तर ने गोदाम में बहुत ढूंढा, लेकिन ज्वेलरी का बॉक्स कहीं नहीं मिला. अशोक शर्मा बताते हैं कि वह निराश हो गए थे और ज्वेलरी वापस मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी. इस घटना के बाद से ही उनकी पत्नी इस बात से बहुत दुखी और परेशान रहने लगी थीं. क्योंकि जिस तरह से सोने के भाव बढ़ रहे हैं उससे इतना सोना फिर से खरीद पाना मुश्किल लग रहा था. ज्वैलरी वापस मिलने पर अशोक ने हाजी अख्तर की जमकर प्रशंसा की और उनको धन्यवाद दिया.
ये भी पढ़ें-चलते-फिरते एक और मौत…कार मे डीजल भरवा रहा शख्स जमीन पर गिरा धड़ाम-Video