Weather Update: यूपी सहित देश के इन राज्यों में आने वाले 5 दिनों में कहर बरपाएगी भारी बारिश, IMD ने जारी किया अलर्ट, जानें 24 घंटे में कैसा रहेगा मौसम का हाल
Weather Updates: उत्तर प्रदेश के साथ ही देश के अन्य हिस्सों, गुजरात और महाराष्ट्र में भी भारी बारिश का सिलसिला जारी है. तो वहीं मौसम विज्ञान विभाग ने देश के कई राज्यों को लेकर नया अपडेट जारी किया है और उत्तर प्रदेश सहित देश के कई राज्यों में भारी बारिश की आशंका जताई है.
मौसम विभाग ने हरियाणा, राजस्थान और पंजाब में अगले दो दिनों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के लिए परिस्थिति अनुकूल बनने की बात कही है. वहीं उत्तर प्रदेश के इलाकों के बारे में जानकारी देते हुए आईएमडी ने बताया कि एक चक्रवाती परिसंचरण उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश और उसके समीपवर्ती इलाकों के निचले और मध्य स्तरों पर स्थित है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 4 से 6 जुलाई के बीच अलग-अलग जगहों पर जहां बारिश हो सकती है. वहीं, पश्चिम उत्तर प्रदेश में भी 5 और 6 जुलाई के बीच मौसम विभाग ने बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया है.
वहीं आगामी 24 घंटों के लिए मौसम विभाग ने देश के कई इलाकों में भारी बारिश होने की आशंका जताई है. इसी के साथ पहाड़ी क्षेत्र उत्तराखंड को लेकर आईएमडी ने बताया कि यहां 2 से 6 जुलाई के बीच मूसलाधार बारिश होने के आसार हैं. इसके अलावा छत्तीसगढ़ में भी 4 से 6 जुलाई के बीच अलग-अलग जगहों पर बारिश होने की संभावना जताई गई है. मध्य प्रदेश में भी पांच से छह जुलाई के बीच बारिश की संभावना जताई है.
इसी के साथ मौसम विभाग ने दक्षिण भारत में मध्य महाराष्ट्र, गोवा, कोंकण में आगामी पांच दिनों में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश होने के आसार की बात कही है. तो वहीं परजॉय से प्रभावित गुजरात में भी अगले 24 घंटों के दौरान मूसलाधार बारिश की आशंका मौसम विभाग द्वारा जताई है.
पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के राज्यों को लेकर भी मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान जारी किए हैं. पश्चिम बंगाल से लेकर असम, मघेलाय और अरुणाचल प्रदेश में अगले पांच दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है. बिहार में जहां 2 और 3 जुलाई को तेज बारिश हो सकती है तो झारखंड और ओडिशा में भी 3 से 6 जुलाई तक भारी बारिश होने की सम्भावना व्यक्त की है.