Adipurush Controversy: फिल्म आदिपुरुष को लेकर हाई कोर्ट सख्त, लेखक मनोज मुंतशिर से आपत्तिजनक डायलॉग हटाने को कहा, प्रदेश सरकार और सेंसर बोर्ड से भी कही बड़ी बात, देखें वीडियो
Adipurush Controversy: रिलीज के 10 दिन बाद भी फिल्म आदिपुरुष को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. लगातार दूसरे दिन इस मामले में दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने लेखक मनोज मुंतशिर को आपत्तिजनक डॉयलॉग हटाने के लिए नोटिस जारी किया है. इसी के साथ प्रदेश सरकार और केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से भी जवाब तलब किया है. इस मामले में कल भी सुनवाई होने की खबर सामने आ रही है.
भगवान श्रीराम पर बनी आदिपुरुष फिल्म पर हाई कोर्ट सोमवार से लगातार सुनवाई कर रही है. अधिवक्ता कुलदीप तिवारी ने इलाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच में याचिका दाखिल की थी, जिस पर सोमवार को सुनवाई करते हुए कोर्ट ने फिल्म मेकर्स को कड़ी फटकार लगाई थी. तो वहीं मंगलवार को भी सुनवाई करते हुए हाइकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने फिल्म पर सख्त नाराजगी जताई है.
एक अधिवक्ता ने बताया कि, न्यायाधीश राजेश सिंह चौहान और श्री प्रकाश सिंह की कोर्ट ने मनोज मुंतशिर को नोटिस जारी किया है और फ़िल्म से सभी आपत्तिजनक डायलॉग हटाने के लिए कहा है. इसी के साथ दोनों जजो ने नाराजगी जताते हुए धार्मिक आस्था के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करने की बात कही है. वहीं इस मामले में कल भी सुनवाई होगी. बता दें कि फिल्म में आपत्तिजनक संवादों को लेकर कई अधिवक्ताओं ने याचिका दायर की है, जिस पर लगातार कोर्ट में सुनवाई हो रही है. वहीं लगातार प्रदेश के तमाम हिंदू संगठन फिल्म का विरोध कर रहे हैं.
नजीतजन फिल्म बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी है. जानकारी के मुताबिक 600 करोड़ के बजट में बनी यह फिल्म अब तक 277 करोड़ के आसपास ही कमाई कर सकी है. फिल्म में प्रभास के अलावा सैफ अली खान, कृति सेनन, सनी सिंह और देवदत्त नागे मुख्य भूमिकाओं में हैं. हालांकि फिल्म में तमाम संवादों को हटा दिया गया है, लेकिन फिर भी विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है.