UP News: बकरीद पर कुर्बानी को लेकर दारुल उलूम देवबंद ने मुसलमानों के लिए जारी किया ये नया फरमान, पढ़ें पूरा लेटर

June 27, 2023 by No Comments

Share News

Saharanpur: प्रदेश के जाने-माने इस्लामिक शिक्षण संस्थान दारुल उलूम देवबंद सहारनपुर ने बकरीद के मौके पर खुले में कुर्बानी के लिए मुस्लिम समाज को मना किया है. इसी के साथ प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी करने के लिए भी मना किया है. साफ सफाई का ध्यान रखने के साथ ही सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार त्यौहार मनाने के लिए अपील की है.

दारुल उलूम देवबंद के वरिष्ठ उस्ताद मुफ्ती मुज़म्मिल मुजफ्फरनगरी ने दारुल उलूम देवबंद की ओर से अपील जारी की है, जिसका लेटर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस अपील में सभी मुसलमानों को ईद उल अजहा की मुबारकबाद दी गई गई है. साथ ही लिखा गया है कि, हमारे बुजुर्गों और बड़ों ने हमेशा से प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी से मना किया है इसलिए हर मुसलमान इसका ख्याल रखे और प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी से हमेशा की तरह दूर रहे. इसी के साथ इस लेटर में खुले में कुर्बानी के लिए मना किया गया है.

कहा गया है कि, सड़कों और रास्तों पर बिल्कुल कुर्बानी न करें, साफ सफाई का विशेष ध्यान रखें, जानवरों के अवशेष को सड़कों या नालियों में न डालें, बल्कि नगर पालिका द्वारा की गई व्यवस्था के अनुसार ही अवशेषों को गाड़ियों में डालें और इस बात का खास ध्यान रखें कि देश में रहने वाले अन्य धर्मों के लोगों को किसी भी तरह की इससे परेशानी न हो. इसी के साथ ये भी मुफ्ती मुजम्मिल क़ासमी द्वारा कहा गया है कि, मुसलमानों को इस बात का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए कि सड़कों और रास्ते पर नमाज पढ़ने पर पाबंदी है इसलिए उन्हें ईदगाह और मस्जिदों के परिसर के अंदर ही नमाज पढ़नी चाहिए.