Bangkok: थाइलैंड में पूर्व पुलिस अधिकारी ने प्री-स्कूल चाइल्ड डे केयर सेंटर पर बरसाई गोलियां, फिर घर पर भी मचाया कत्लेआम, बच्चों व बड़ों समेत 36 की मौत, देखें चीख-पुकार के वायरल वीडियो
बैंकॉक। थाईलैंड से एक बुरी खबर सामने आ रही है। यहां के एक प्री-स्कूल में हुई गोलीबारी में कम से कम 36 लोगों के मरने की खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि एक पूर्व पुलिस अधिकारी ने प्री-स्कूल चाइल्ड डेकेयर सेंटर पर इस गोलीबारी को अंजाम दिया है।
मीडिया सूत्रों के मुताबिक देश के उत्तर-पूर्व में नोंग बुआ लाम्फू में हुए हमले के बाद बंदूकधारी ने सुसाइड कर लिया। पुलिस ने जानकारी दी है कि हताहतों में बच्चे और वयस्क भी शामिल हैं। पुलिस ने कहा कि हमलावर ने बच्चों और वयस्कों पर गोलियां बरसाने के साथ ही चाकू से भी हमला किया। खबरों में दावा किया जा रहा है कि हमलावर ने स्कूल में गोलीबारी के बाद अपनी पत्नी और बच्चे की भी हत्या कर दी और फिर खुदकुशी कर ली।
फिलहाल हमले का मकसद स्पष्ट नहीं हुा है, लेकिन इस बड़ी घटना के बाद से पूरे देश में सनसनी फैल गई है। नेशनल पुलिस के प्रवक्ता अचयों क्रैथोंग ने मीडिया को बताया कि घटना नोंग बुआ लाम्फू प्रांत की है। प्रवक्ता के मुताबिक कम से कम 36 लोगों के मरने की खबर है। हमलावर के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा था। एक सरकारी प्रवक्ता ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री ने सभी एजेंसियों को कार्रवाई करने और अपराधी को पकड़ने के लिए सतर्क कर दिया था। खबर ये भी सामने आ रही है कि थाईलैंड में बंदूक के मालिकों की दर क्षेत्र के कुछ अन्य देशों की तुलना में अधिक है।
इस घटना के बाद थाइलैंड के प्रधानमंत्री प्रयुत चान-ओ-चा ने शोक व्यक्त करते हुए अपराधी को जल्द से जल्द पकड़ने के निर्देश दे दिए थे, लेकिन इससे पहले ही अपराधी ने भी आत्महत्या कर ली है। इससे पहले दक्षिण-पश्चिम मेक्सिको के सैन मिगुएल टोटोलापन शहर में हुई गोलीबारी में करीब 18 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में शहर के मेयर भी शामिल हैं। अपराधी गिरोह Los Tequileros पर इस हमले का आरोप लग रहा है।
अवैध हथियार थाईलैंड के लिए बना मुसीबत
मीडिया सूत्रों के मुताबिक थाईलैंड में बंदूकों के आंकड़ों में अवैध हथियारों की एक बड़ी संख्या शामिल है जिनमें से कई हथियार लंबे समय से संघर्षग्रस्त पड़ोसियों से सीमाओं के पार से लाए जा रहे हैं। बड़े पैमाने पर गोलीबारी की घटनाएं दुर्लभ हैं लेकिन साल 2020 में ऐसी ही एक घटना ने थाईलैंड को चौंका दिया था। एक प्रॉपर्टी डीलर से नाराज एक सैनिक ने चार इलाकों में अंधाधुंध गोलियां बरसाईं थीं। इसमें 29 लोगों की मौत और 57 लोग घायल हुए थे।
यहां देखें वीडियो