Lucknow: “बाय-बाय फैमिली मेंबर… अब कर लो शादी” सुसाइड नोट लिखकर युवती ने लगाई फांसी, 25 नवम्बर को ही था विवाह
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के कृष्णानगर इलाके में पूर्व बैंक कर्मी युवती ने फांसी लगाकर जान दे दी। मृतका के पास से सुसाइड नोट मिला है। पुलिस ने बताया कि सुसाइट नोट में युवती ने लिखा है कि, “बाय- बाय फैमिली मेंबर,अब कर लो शादी” की बात लिखी है। युवती की 25 नवंबर को शादी तय थी। पुलिस के मुताबिक शादी को लेकर वह नाखुश थी। इसी कारण उसने यह कदम उठाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार प्रियंका श्रीवास्तव (28) मूलरूप से बंथरा की रहने वाली थी। कुछ महीने पहले ही उन्होंने एचडीएफसी बैंक से इस्तीफा देकर दूसरे संस्थान में नौकरी का प्रयास कर रही थी। पिता की करीब दो वर्ष पहले मौत हो चुकी है। परिवार में मां, बड़ी बहन व भाई विवेक श्रीवास्तव और भाभी हैं। कुछ समय से वह परिवार से अलग कृष्णानगर एलडीए कॉलोनी सेक्टर- डी स्थित किराए के मकान में रह रहीं थी।
दोपहर करीब 12:30 बजे प्रियंका के पड़ोसी ने कंट्रोल रूम पर फोन कर बताया कि प्रियंका के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद है। लगातार मोबाइल पर किसी का फोन आ रहा है पर फोन रिसीव नहीं किया जा रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस कमरे का दरवाजा तोड़कर भीतर गई तो प्रियंका का शव पंखे के कुंडे से दुपट्टे के फंदे के सहारे लटका हुआ था। चेहरा भी दुपट्टे से ढ़का था।
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इंस्पेक्टर कृष्णानगर विक्रम सिंह ने बताया कि जांच पड़ताल में मृतका के कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें परिवार को बाय- बाय कहकर अब कर लो शादी की बात लिखी है। युवती के पास से मिला मोबाइल फोन लॉक था। मोबाइल पर लगातार फोन किसका आ रहा था। अंतिम बार बात किससे हुई है अभी इस बात की जानकारी नहीं हो सकी है। मोबाइल फोन फारेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।