Lucknow University: प्रो. पूनम टंडन को फिर से मिली अधिष्ठाता छात्र कल्याण की जिम्मेदारी, देखें लाइब्रेरी और छात्रसंघ चुनाव को लेकर क्या कहा

November 29, 2022 by No Comments

Share News

लखनऊ। विद्यार्थियों के हित के लिए कार्य करने को लेकर लखनऊ विश्वविद्यालय (lucknow University) में भौतिक विभाग की प्रो. पूनम टंडन को फिर से अधिष्ठाता छात्र कल्याण की जिम्मेदारी तीन वर्षों के लिए दे दी गई है। इस मौके पर उन्होंने दो प्रमुख मुद्दों पर अपने विचार रखे और कहा कि वह हमेशा छात्र-छात्राओं के हित के लिए कार्य करती रहेंगी। जो विद्यार्थियों के हित में होगा, उसे वह जरूर करेंगी।

बता दें कि कुलपति प्रोफेसर आलोक कुमार राय द्वारा छात्र कल्याण की दिशा मे चुनौतियों से निपटने के लिए, प्रभावी व सकारात्मक निर्णयों को लागू करने मे प्रो. पूनम टंडन ने पिछले तीन वर्षों के कार्यकाल में अहम भूमिका निभाई है। इनमे छात्र केंद्रित विभिन्न योजनाओं जैसे कर्मयोगी, कर्मोदय, छात्र कल्याण, शोध मेधा, और अर्पण -एडाप्ट एक ब्रेन इत्यादि योजनाएँ जो छात्र हित मे छात्रवृत्ति, वित्तीय सहायता एवं अन्य अवसर प्रदान करती हैं तथा ओपीडी योजना, ट्री योजना, मेधावी छात्र परिषद, हैप्पी थिंकिंग लैब, परामर्श और मार्गदर्शन सेल, कॉफी विद वीसी आदि योजनाऐं छात्रों के भविष्य निर्माण मे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रही हैं।

इसके साथ ही परिसर मे सुविधाओं के विकास जैसे हीमोग्लोबिन और स्वास्थ्य जांच शिविर, सभी लड़कियों के छात्रावासों और अन्य महिला शौचालयों में सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन और भस्मक, दोनों परिसरों में समर्पित सफाईकर्मियों के साथ लड़कियों के शौचालय, सभी 17 छात्रावासों में ओपन जिम, इलेक्ट्रिक रिक्शा और दिव्यांगजन कैंटीन इत्यादि छात्रकल्याण केन्द्रित कार्यक्रमों के संचालन मे प्रोफेसर पूनम टंडन का विशेष योगदान रहा है ।

देखें क्या कहा प्रो. टंडन ने
इस मौके पर प्रो. टंडन से दो प्रमुख मुद्दों पर बात की गई। इस पर उन्होंने खबर स्टिंग को बताया कि हम लाइब्रेरी का समय बढ़ाने को लेकर विचार कर रहे हैं। जो कार्य विद्यार्थियों के हित में होग उसे जरूर करेंगे, लेकिन विश्वविद्यालय हमें छात्राओं की सुरक्षा की भी चिंता है। इसलिए देर शाम तक तो समय नहीं बढ़ाया जा सकता, लेकिन रविवार को लाइब्रेरी खोली जाए, इस पर विचार अवश्य करेंगे।

इसी के साथ उन्होंने छात्र चुनाव को लेकर कहा कि जो नियम के अनुसार होगा, वो किया जाएगा। इसी के साथ उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता छात्र- छात्राओं के लिए एक स्वस्थ पारिस्थितिकी तंत्र, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए आवश्यक मजबूत छात्र कल्याण कार्यक्रम विकसित करेंगी। उन्होने बताया कि विश्वविद्यालय के दोनो परिसरों में लगभग 20000 से अधिक छात्रों के कल्याण के लिए सभी के साथ मिलकर छात्र हित मे बेहतर माहौल बनाने के लिए हर संभव प्रयास जारी रहेगा ।