Lucknow University: एलयू के दो स्टुडेंट्स को मिली प्रतिष्ठित यूपीसीएसटी- समर रिसर्च फेलोशिप
Lucknow University: बायोकेमिस्ट्री विभाग, लखनऊ विश्वविद्यालय के दो छात्र, अनुराग सिंह, सेमेस्टर 4, एम. एससी- जैव प्रौद्योगिकी और मुनमुन बनर्जी, सेमेस्टर 4, एम. एससी-बायोकेमिस्ट्री ने प्रतिष्ठित यूपीसीएसटी- समर रिसर्च फेलोशिप प्राप्त की है जो उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रदान की जाती है। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, उत्तर प्रदेश सरकार, द्वारा दी जाने वाली इस छात्रवृति के तहत दोनों छात्रों को एक प्रमुख शोध संस्थान (जैसे आईआईटी, आईआईएससी, सीएसआईआर आदि) में शोध कार्य करने का अवसर मिलेगा, यूपी-सीएसटी द्वारा दो महीने के लिए इन छात्रों को 25,000 रूपये प्रति माह (कुल फेलोशिप राशि 50,000 रुपये होगी) की फेलोशिप दी जाएगी।

बायोकेमिस्ट्री विभाग के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर सुधीर मेहरोत्रा ने दोनों छात्रों को बधाई दी और बताया कि यह एक अत्यधिक प्रतिस्पर्धी और प्रतिष्ठित फेलोशिप है और विभाग के छात्र इस तरह की उपलब्धियों से विभाग और विश्वविद्यालय को गौरवान्वित करते रहते हैं। अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रोफेसर पूनम टंडन और वाइस चांसलर प्रोफेसर आलोक कुमार राय ने भी छात्रों को बधाई दी और कहा कि छात्रों की उपलब्धियां किसी भी विश्वविद्यालय के शिक्षाविदों के लिए महत्वपूर्ण सूचकांक हैं और एनईपी 2020 को लागू करने के बाद इन सूचकांकों में काफी वृद्धि हुई है। लखनऊ विश्वविद्यालय छात्रों के व्यापक विकास के लिए आगे भी हर संभव प्रयास करता रहेगा।