Video: तिहाड़ जेल में बंद AAP मंत्री सत्येंद्र जैन का मसाज सीसीटीवी फुटेज हुआ वायरल, कोर्ट ने वीडियो लीक मामले में भेजा ED को नोटिस
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दिखाया जा रहा है आम आदमी पार्टी (AAP) के मंत्री सत्येंद्र जैन बिस्तर पर आराम से लेटकर मसाज करवा रहे हैं। वीडियो को देखकर ऐसा लग ही नहीं रहा है कि वह तिहाड़ जेल में बंद हैं। तो वहीं इस सीसीटीवी फुटेज के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही आप पार्टी ने उनका बचाव किया है। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि सत्येंद्र जैन बीमार हैं और डॉक्टर के कहने पर ही उन्हें थेरेपी दी जा रही है। सत्येंद्र जैन मसाज नहीं करा रहे हैं बल्कि उनका इलाज हो रहा है।
तो दूसरी ओर इस वीडियो के वायरल होने के बाद ईडी की भी मुश्किलें बढ़ती हुई दिखाई दे रही हैं, क्योंकि कोर्ट ने ईडी को वीडियो लीक मामले में अवमानना का नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। इस मामले पर 21 नवंबर को सुनवाई होगी। बता दें कि वीडियो लीक होने के बाद सत्येंद्र जैन की कानूनी टीम, अवमानना की कार्रवाई की मांग को लेकर कोर्ट पहुंची थी, जिसके बाद कोर्ट ने ईडी से जवाब मांगा है। कहा जा रहा है कि यह वीडियो ईडी के पास ही था और कोर्ट ने इसे जारी करने से मना किया था। इसके बाद भी ये वीडियो शनिवार को लीक हो गया। इस मामले पर अभी तक ईडी की ओर से कोई सफाई नहीं दी गई है। अब सवाल यह है कि वीडियो लीक ईडी की तरफ से हुआ है या फिर तिहाड़ जेल से ही किसी ने यह वीडिया लीक किया है? ये फिलहाल जांच का विषय है।
तो दूसरी ओर इस मामले पर आप और बीजेपी के बीच ट्विटर वार छिड़ गया है। आप जहां इस वीडियो का बचाव कर रही है और आप के दिल्ली उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कह रहे हैं कि “सत्येंद्र जैन के स्पाइन-इंजरी के दो ऑपरेशन हुए हैं। उनको डॉक्टर ने रेगुलर फिजियोथेरेपी बताई है। कोविड के बाद से उनके लंग्स में पैच है जो अभी ठीक नहीं हुआ है। किसी आदमी की बीमारी और उसको दिए जा रहे इलाज का मजाक बनाने की सोच ही बहुत घटिया है।” वहीं बीजेपी का कहना कि सत्येंद्र जैन जेल में मजे कर रहे हैं। उन्हें जेल में वीवीआई ट्रिटमेंट दिया जा रहा है।
इस मामले को लेकर तिहाड़ जेल के पूर्व पीआरओ सुनील गुप्ता ने एएनआई से कहा कि वीडियो में साफ दिख रहा है कि जेल में सत्येंद्र जैन को मसाज दिया जा रहा है, थेरेपी नहीं, दोनों अलग-अलग चीज है। उन्होंने कहा- “वीडियो में साफ दिख रहा है कि साथी कैदी मसाज कर रहे थे। मसाज फिजियोथेरेपी से अलग है। अस्पताल के फिजियोथेरेपी वार्ड में फिजियोथेरेपी दी जाती है। जेल के नियमों के तहत सेल के अंदर मालिश की अनुमति नहीं है। जहां तक फिजियोथेरेपी का सवाल है, हर जेल में एक फिजियोथेरेपी केंद्र होता है, जहां फिजियोथेरेपिस्ट या प्रशिक्षित विशेषज्ञ द्वारा मालिश की जा सकती है।”
यहां देखें वीडियो