Pahalgam: “जल्द रिजल्ट दिखेगा…” रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का बड़ा बयान, घटनास्थल पर पहुंची NIA की टीम; क्या पाकिस्तान में बैठा लश्कर का आतंकी मास्टरमाइंड?-Video

April 23, 2025 by No Comments

Share News

Pahalgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को हिला कर रख दिया है. इंटेलिजेंस सूत्रों की मानें तो इस हमले का मास्टर माइंड लश्कर-ए तैयबा का डिप्टी चीफ सैफुल्लाह खालिद है।

मीडिया रिपोर्ट्स का दावा है कि पहले आतंकियों ने 1 से 7 अप्रैल तक रेकी की और फिर पूरी तरह से साजिश रचने के बाद ये हमला किया गया है. इस हमले के बाद से ही पहलगाम से लेकर जम्मू-कश्मीर की रौनक खो सी गई दिखाई पड़ रही है. स्थानीय लोग घरों में दुबक गए हैं तो वहीं आज बाजारें बंद हैं.

Pahalgam Terrorist

स्केच सोशल मीडिया

दूसरी ओर आतंकियों की खोज के लिए पूरी घाटी में सुरक्षाबल ने सघन तलाशी अभियान चला दिया है. साथ ही सुरक्षा और इंटेलीजेंस एजेंसियों ने पहलगाम अटैक के संदिग्ध आतंकियों के स्केच जारी किए हैं। इनके नाम आसिफ फौजी, सुलेमान शाह और अबु तल्हा बताए गए हैं। बता दें कि कल यानी 22 अप्रैल की दोपहर में पहलगाम में आतंकियों ने पर्यटकों पर हमला कर दिया था. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमले में करीब 27 लोगों की मौत हो गई है।

तो वहीं 20 से अधिक लोग घायल हो गए हैं. गृहमंत्री अमित शाह ने बैसरन पहुंचकर सभी मृतकों को श्रद्धांजलि दी है और मृतकों के शवों को उनके घर भिजवाने के लिए श्रीनगर एयरपोर्ट पर शवों को लेकर एम्बुलेंस पहुंच रही है. इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

बता दें कि आतंकियों ने उस वक्त हमला किया जब बैसरन घाटी में बड़ी संख्या में पर्यटक मौजूद थे। मृतकों में उत्तर प्रदेश के साथ ही गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु और ओडिशा के नागरिक भी शामिल हैं। नेपाल और UAE के एक-एक टूरिस्ट के साथ ही 2 स्थानीय लोगों की भी जान गई है.

इस हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा के विंग द रजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने ली है। तो दूसरी ओर इस हमले को लेकर पाकिस्तान के डिफेंस मिनिस्टर ख्वाजा आसिफ ने दावा किया है कि इस हमले में हमारा कोई हाथ नहीं है। तो वहीं राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की एक टीम पहलगाम आतंकवादी हमला स्थल पर पहुंच गई है। यह टीम जांच में जम्मू-कश्मीर पुलिस की सहायता करेगी।

हमने कई निर्दोषों की गंवाई है जान

दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में बोलते हुए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, “हमने कई निर्दोष लोगों की जान गंवाई है। सबसे पहले मैं मृतकों के परिवारों के लिए संवेदना व्यक्त करता हूं। आतंकवाद को लेकर भारत की जीरो टॉलरेंस की नीति है। मैं देशवासियों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि सरकार हर जरूरी कदम उठाएगी।” रक्षामंत्री ने आगे कहा कि “इस आतंकी हमले के दोषियों के साथ ही इसके पर्दे के पीछे छिपे लोगों तक भी पहुंचा जाएगा। मैं देश को आश्वस्त करना चाहता हूं कि करारा और स्पष्ट जवाब दिया जाएगा।” इसी के साथ ही राजनाथ सिंह ने कहा कि इसका रिजल्ट जल्द ही देखने को मिलेगा.

कायरतापूर्ण हमला है

राजनाथ सिंह ने आगे कहा कि पहलगाम में आतंकवादियों द्वारा कायरतापूर्ण तरीके से हमला कर विशेष धर्म को निशाना बनाया गया है। वह आगे बोले कि हमले में, हमारे देश ने अनेक निर्दोष नागरिकों को खोया है। इस घोर अमानवीय कृत्य ने, हम सभी को गहरे शोक और दर्द में डुबो दिया है। उन्होंने आगे कहा कि सबसे पहले मैं, उन सभी परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। इस दुखद समय में, दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए, मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ।

2019 में हुआ था पुरवामा अटैक

22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए हमले ने 14 फरवरी 2019 को हुए पुलवामा अटैक की याद तो ताजा कर दिया है. तब पुलवामा में CRPF के काफिले पर फिदायीन हमला हुआ था जिसमें 40 जवान शहीद हुए थे। इसकी जिम्मेदारी जैश-ए-मोहम्मद ने ली थी।

फिलहाल तो सुरक्षा एजेंसियों ने पहलगाम हमले के संदिग्ध आतंकियों का स्केच जारी कर दिया है. एजेंसियों के मुताबिक, इस हमले में आसिफ फौजी, सुलेमान शाह और अबु तल्हा शामिल थे। हालांकि, कौन सी तस्वीर किसकी है, यह साफ नहीं हो पाया है।

इंटेलिजेंस ने किया ये दावा

इंटेलिजेंस सूत्रों के हवाले से सोशल मीडिया पर वायरल खबरों ने बताया कि पहलगाम अटैक में दो फॉरेन टेररिस्ट और दो लोकल आतंकी शामिल थे। सूत्रों की मानें तो पहलगाम हमले का मास्टर माइंड सैफुल्लाह खालिद है। सैफुल्लाह ने एक महीने पहले हमले की चेतावनी भी दी थी। इसका 2019 का एक वीडियो भी वायरल हुआ था। इस वीडियो में सैफुल्लाह ने कहा था कि कश्मीर का मसला ठंडा नहीं होने देना है। इंटेलिजेंस का दावा है कि यह पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) से ऑपरेट करता है। इसकी लोकेशन रावलकोट बताई गई है।

आतंकी हमले से बहुत डर गए थे पर्यटक

पहलगाम अटैक की खबर मिलते ही भारतीय सेना के जवान बैसरन घाटी पहुंचे तो वहां मौजूद पर्यटक इतना डरे हुए थे कि उन्होंने सेना के जवानों को भी आतंकवादी समझ लिया था और फिर गिड़गिड़ाकर रोने लगे थे. इसकी वजह ये थी कि जिन आतंकवादियों ने फायरिंग की थी वो भी वर्दी पहने हुए थे. इस पर जवानों ने भरोसा दिलाया कि वे इंडियन आर्मी से हैं, तब कहीं पर्यटकों की जान में जान आई.

आतंकियों ने 200 राउंड की थी फायरिंग

बता दें कि पहलगाम हमले में 26 लोगों की मौत हुई है, जिसमें दो विदेशी नागरिक भी शामिल हैं. रायटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 6-7 की संख्या में आये आतंकियों ने करीब 200 राउंड फायरिंग की थी और हिंदू पर्यटकों को भी निशाना बनाया था. कहा जा रहा है कि आतंकियों ने इसकी पहले से ही रेकी की थी. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आतंकियों ने 1 से 7 अप्रैल के बीच रेकी की थी.

बता दें कि हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय सऊदी दौरा बीच में छोड़कर भारत लौट आये हैं और लगातार बैठक कर आतंकियों को जवाब देने की रणनीति बना रहे हैं.

हेल्पलाइन नम्बर

बता दें कि जम्मू-कश्मीर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है. जम्मू-कश्मीर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने श्रीनगर के इमरजेंसी कंट्रोल रूम के नंबर 0194-2457543 और 0194-2483651 जारी किए हैं. इन नम्बरों पर फोन करने से हालात की ताजा जानकारी मिल सकती है. अगर ये लाइनें व्यस्त मिलें तो श्रीनगर के एडीसी आदिल फरीद को उनके मोबाइल नंबर 7006058623 पर कॉल किया जा सकता है.

इसी के साथ ही अनंतनाग पुलिस ने 9596777669, 0193-32225870 नम्बर जारी किए हैं. 9419051950 पर व्हाट्सऐप मैसेज भेज कर भी मदद हासिल की जा सकती है.

ये भी पढ़ें-Pahalgam: अभी शादी की मेंहदी भी नहीं छूटी थी…आतंकियों ने छीन ली खुशियां; नौसेना अधिकारी के शव से लिपट कर रोई पत्नी-Video

Pahalgam: धर्म पूछा.. फिर उतरवाई पैंट और मार दी सिर पर गोली…रो-रो कर पीड़ितों ने बयां किया दर्द; आतंकवादियों की पहली तस्वीर-स्केच वायरल-Video

Pahalgam Terror Attack: पहलगाम में पर्यटकों पर बड़ा आतंकी हमला…TRF ने ली जिम्मेदारी; अमित शाह रवाना, स्थानीय व्यक्ति ने दी ये बड़ी जानकारी-Video