पीएम सूर्य घर योजना से जुड़ने के लिए देखें ये आसान स्टेप, बिजली बिलों में पाएं 60 प्रतिशत तक की कमी; ये है टोल फ्री नम्बर
PM Surya Ghar Yojana: पीएम सूर्य घर योजना को लेकर मंडलायुक्त रोशन जैकब ने एक प्रेस नोट जारी करते हुए कहा है, “मैं मंडलायुक्त डॉ रोशन जैकब समस्त मंडलवासियों से अपील करती हूँ कि आप सभी प्रधानमंत्री जी की अति महत्वाकांक्षी योजना पीएम सूर्य घर योजना से जुड़कर अपने-अपने घरों की छतों पर सोलर रूफटॉप सिस्टम लगवाकर न केवल अपने बिजली के बिलों में भारी कमी का लाभ ले सकते हैं, बल्कि एक हरित और ऊर्जा- कुशल प्रदेश के निर्माण में भी योगदान दे सकते हैं।”
मालूम हो कि योजना के क्रियान्वयन हेतु MNRE भारत सरकार द्वारा UPNEDA को स्टेट नोडल एजेंसी घोषित किया गया है। योजना से जुड़ने के लिए वेबसाइट – https://www.pmsuryaghar.gov.in/ पर जाकर बिजली खाता संख्या एवं मोबाइल नंबर से पंजीकरण करवा सकते हैं।
योजना का ये है लाभ
मंडलायुक्त ने इस प्रेस नोट में ये भी बताया है कि उपभोक्ता अपने बिजली बिलों में 60% तक की कमी कर सकते हैं, जिससे उनकी मासिक खर्चों में राहत मिलती है। इसके अलावा, उपभोक्ता अधिकतम ₹1,08,000 तक की सब्सिडी का लाभ भी उठा सकते हैं, जो सोलर पैनल की लागत को काफी कम कर देती है।
लोन की है व्यवस्था
योजना के अंतर्गत 7% ब्याज दर पर उपलब्ध ऋण के कारण उपभोक्ता सोलर पैनल लगाने में आसानी से निवेश कर सकते हैं। ऋण व्यवस्था के लिए पीएम सूर्य घर पोर्टल को जनसमर्थ पोर्टल से इंटीग्रेट किया गया है।
पंजीकृत विक्रेता
विक्रेता के माध्यम से पीएम सूर्य घर योजना से जुड़ने के लिए विक्रेता मात्र ₹2.5 लाख की बैंक गारंटी (न्यूनतम 5 साल वैधता के साथ) और 15 बिंदुओं का शपथ पत्र UPNEDA में जमा करवा कर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत जागरुकता फैलाने के लिए IEC (सूचना, शिक्षा और संचार) गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं। इनका उद्देश्य सोलर ऊर्जा के लाभों और योजना की विशेषताओं को समझाना है। योजना से संबंधित सहायता के लिए टोल-फ्री नंबर 15555 उपलब्ध है।
यह योजना आपके लिए अक्षय ऊर्जा अपनाने, पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम करने और पर्यावरण की रक्षा करने का एक सुनहरा मौका है। हम सभी निवासियों से आग्रह करते हैं कि वे पीएम सूर्य घर योजना के तहत पंजीकरण करें, आवेदन करें, और सोलर रूफटॉप लगवाकर इसके अनेक लाभों का आनंद लें।
इस प्रेस नोट के अंत में रोशन जैकब ने कहा है, “आइए हम सब मिलकर उत्तर प्रदेश को स्वच्छ ऊर्जा में अग्रणी बनाएं और अपने व भविष्य की पीढ़ियों के लिए एक उज्ज्वल, ऊर्जा-कुशल भविष्य सुनिश्चित करें।”