Earthquake: जयपुर और मणिपुर में 16 मिनट में आए भूकंप के तीन तेज झटके, घरों से बाहर भागे लोग, VIDEOS में दिखा दिल कंपा देने वाला मंजर
Earthquake: राजस्थान की राजधानी जयपुर के साथ ही मणिपुर में भी भूकम्प के झटके लगे हैं. जयपुर में तीन बार भूकंप के झटके लगने के बाद लोग घबरा कर घर से बाहर निकल आए तो वहीं सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो काफी डरा देने वाला है. 16 मिनट में लगे तीन झटकों ने लोगों में खौफ भर दिया और लोग घर से बाहर की ओर भागे.
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, जयपुर में एक घंटे में तीन बार भूकंप आया है. इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर अधिकतम 4.4 रही है. वहीं, जयपुर के अलावा मणिपुर में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए. हालांकि, किसी के जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ है. राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक, आज शुक्रवार सुबह में करीब 4 बजकर 10 मिनट पर जयपुर में पहला भूकंप आया जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.4 मापी गई. वहीं, दूसरा 4 बजकर 23 मिनट पर आया जिसकी तीव्रता 3.1 रही. जयपुर में तीसरा भूकंप 4 बजकर 25 मिनट पर आया जिसकी तीव्रता 3.4 रही. इसके अलावा मणिपुर में भी भूकंप आया. यहां के उखरुल में आज सुबह 5 बजकर 1 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.5 रही.