UP:प्राथमिक स्कूल में रिवॉल्वर लेकर बच्चों को पढ़ाते दिखे हेडमास्टर, वायरल हुआ वीडियो, सहायक अध्यापक ने लगाए गम्भीर आरोप, देखें वीडियो
कन्नौज। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दिखाई दे रहा है कि स्कूल के परिसर में बच्चे जमीन पर बैठे हुए हैं और एक शख्स हाथ में रिवॉल्वर लिए हुए है। मीडिया सूत्रों के मुताबिक वीडियो उत्तर प्रदेश (UP) के कन्नौज जिले के शाहजहांपुर गांव के एक प्राथमिक विद्यालय का है और जिस शख्स ने रिवॉल्वर ले रखी है वो स्कूल के हेडमास्टर आशीष राजपूत हैं। राजपूत की ये लाइसेंसी रिवॉल्वर है।
मिली जानकारी के मुताबिक आशीष राजपूत अक्सर ही बच्चों के सामने रिवॉल्वर लेकर पहुंचते हैं। इस पूरे मामले की कहानी कुछ और भी बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि वह पहले रिवॉल्वर नहीं लाते थे। हाल ही में आशीष राजपूत का विवाद शिक्षक विष्णु चतुर्वेदी से हो गया था। विष्णु ने आरोप लगाया कि हेडमास्टर ने उनको रिवॉल्वर दिखाकर धमकी दी थी। इसी के साथ सोमवार सुबह वह हेडमास्टर से अपनी हाजिरी को लेकर बात करने गए थे, तब भी वह रिवॉल्वर लिए हुए थे।
विष्णु ने मीडिया को जानकारी दी कि उन्होंने मेडिकल लीव ली थी, बावजूद इसके उनको अटेंडेंस रजिस्टर में अनुपस्थित दिखा दिया गया था। इसी बात को लेकर वह हेडमास्टर से बात करने गए थे, लेकिन हेडमास्टर ने उनको रिवॉल्वर दिखाते हुए धमकी दिया। इस पर उन्होंने विरोध किया तो राजपूत ने फिर से हथियार दिखाकर उनको डरा दिया। बच्चों ने बताया कि उनको भी प्रधानाध्यापक हथियार दिखाकर डराते हैं और पूरे परिसर में रिवॉल्वर लेकर घूमते रहते हैं।
देखें क्या कहा हेडमास्टर ने
इस पूरे मामले को लेकर हेडमास्टर आशीष राजपूत ने कहा कि वीडियो की मदद से उनको फंसाया जा रहा है। राजपूत ने ये भी दावा किया कि वीडियो पुराना है। इसी के साथ उन्होंने ये भी दावा किया कि रिवॉल्वर लेकर वह सोमवार को स्कूल नहीं गए थे। पुराना वीडियो वायरल कर उनकी छवि को धूमिल किया जा रहा है।
देखें क्या कहा खंड शिक्षाधिकारी ने
खंड शिक्षाधिकारी विमल तिवारी ने मीडिया को बताया कि उन्होंने सहायक अध्यापक के माध्यम से पूरी घटना की जानकारी प्राप्त कर ली है। हेडमास्टर को पूछताछ के लिए बुलाया है। इस पूरे मामले को मैं खुद देख रहा हूं, दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद कार्यवाही की जाएगी। (प्रतीकात्मक फोटो-सोशल मीडिया)