Lucknow News: पत्नी-बेटी के साथ हिंदू धर्म अपनाने वाले राजवीर ने मांगी सुरक्षा, कहा पिता और भाई से है जान को खतरा, मुख्तार अंसारी के नाम से लगातार दी जा रही है धमकियां
लखनऊ। पत्नी और बेटी के साथ हिंदू धर्म अपनाने वाले राजवीर सिंह, जो कि पहले सलीम थे, ने अपने पिता व भाई से जान को खतरा बताते हुए शासन-प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने दावा किया है कि उनको मुख्तार अंसारी के नाम से धमकियां दी जा रही हैं और पत्नी व बेटी सहित जान से मार देने की भी धमकी दी जा रही है।
राजवीर का दावा है कि जब से उन्होंने हिंदू धर्म अपनाने की घोषणी की थी, तभी से उनको धमकियां मिलनी शुरू हो गई थी। बता दें कि राजवीर की पत्नी विवाह से पहले हिंदू थीं और उन्होंने राजवीर जो कि पहले सलीम थे, से निकाह करने के लिए मुस्लिम धर्म अपना लिया था और 14 साल तक मुस्लिम रहीं।
अब उन्होंने फिर से हिंदू धर्म अपना लिया है। इसी के साथ राजवीर ने आरोप लगाया है कि उनकी पत्नी को उनके परिवार वाले 14 सालों तक प्रताड़ित करते रहे, इसीलिए उन्होंने हिंदू धर्म अपना लिया ताकि उनकी पत्नी व बेटी सुरक्षित रहे। मालूम हो कि इस मामले में मामला दर्ज हो चुका है लेकिन बीबीडी पुलिस आरोपितों को अब तक गिरफ्तार नहीं कर सकी है। तो वहीं हाल ही में सलीम ने हवन-पूजन के साथ हिंदू धर्म अपनाने के बाद राजवीर नाम रख लिया है। इस सम्बंध में इंस्पेक्टर बीबीडी का कहना है कि आरोपितों की तलाश की जा रही है। राजवीर को सुरक्षा दी जाएगी।
बयान जारी करने के बाद से ही मिल रही है धमकी
राजवीर ने बताया कि शुक्रवार को सोशल मीडिया पर जब उन्होंने यह बयान जारी किया कि हिंदू लड़कियां मुसलमान लड़कों के झांसे में न आएं। मुसलमान लड़के, हिंदू लड़कियों को प्रेम जाल में फंसा कर शादी कर उन्हें कहीं का नहीं छोड़ते हैं। मुस्लिम परिवार में हमेशा हिंदू लड़कियों को प्रताड़ित किया जाता है। इस्लाम मानने वाले कटरपंथी मानते हैं कि हिंदू लड़की से शादी करने वाला वाला होता है जन्नती होता है। इसके बाद उनके और परिवार के लिए खतरा और बढ़ गया है व इसी के बाद से और भी अधिक उनको धमकियां मिलनी शुरू हो गई हैं।
जानें क्या है मामला
लखनऊ के अयोध्या रोड पर रहने वाले सलीम ने 14 साल पहले रायबरेली की रहने वाली एक हिंदू लड़की से निकाह किया था। सलीम से निकाह के लिए महिला ने इस्लाम धर्न अपना लिया था। राजवीर के मुताबिक इसके बाद उनके पिता और बड़े भाई ने पत्नी को दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। धार्मिक टिप्पणी करते रहते थे। पत्नी पर बढ़ते जुल्मो के कारण ही उन्होंने भी सनातन धर्म अपनाने का मन बना लिया।
पत्नी के लिए 20 दिन पहले सनातन धर्म अपना लिया। इसकी सूचना समाचारपत्रों में भी प्रकाशित की थी। परिवार को बाहुबली एवं पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी और कुछ प्रभावशाली लोगों के नाम से बड़े भाई और पिता धमकी देने लगे। वहीं, राजवीर की पत्नी ने जेठ और ससुर पर आरोप लगाया कि पति की गैरहाजिरी में उन्हें ससुरालीजन गौ-मांस पकाने और खाने का दबाव बनाते थे। इसका एक वीडियो भी राजवीर और उनकी पत्नी ने इंटरनेट मीडिया पर वायरल किया था। इसके बाद राजवीर के पिता और बड़े भाई के खिलाफ बीबीडी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।