UP: रक्षाबंधन पर मिठाई खाने से एक की मौत, सात भर्ती

August 15, 2022 by No Comments

Share News

लखनऊ। रक्षाबंधन त्योहार पर बहन द्वारा मायके लाई गई मिठाई खाने के बाद सात लोगों की हालत बिगड़ गई। इस पर सभी को पड़ोसियों की मदद से बलरामपुर अस्पताल व अजन्ता हास्पिटल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान एक की मौत हो गई।

अयोध्या निवासी रीता गौड़ रक्षाबंधन पर अपने मायके पारा चंद्रोदय नगर निवासी 50 वर्षीय चाचा राकेश कुमार गौड़ के घर आई थी। रीता ने रक्षाबंधन के लिए मिठाई आलमनगर स्थित संजय द मिठाई शाप से मिठाई खरीदकर वापस चाचा राकेश कुमार गौड़ के घर गई। जहॉ चाचा राकेश, चाची रूपरानी, चचेरे भाई अमित व सुमित को राखी बांधकर व मिठाई देकर कृष्णानगर अपने पिता राजकुमार गौड़ के घर चली गईं।

यहां पर पिता राजकुमार, मां ज्ञानवती, भाई अमन को राखी बांधकर लालकुंआ में मामा छोटेलाल के घर मिठाई लेकर पहुंचीं। जहॉ मिठाई खाने के बाद पिता राजकुमार गौड़, मां ज्ञानवती, चाचा राकेश कुमार गौड़, चाची रूपरानी, चचेरे भाई अमित व सुमित मामा छोटेलाल की हालत बिगड़ गई। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने राजकुमार, ज्ञानवती, राकेश को बलरामपुर अस्पताल व रूपरानी, अमित व सुमित और छोटेलाल को आलमबाग अजन्ता हास्पिटल में भर्ती कराया।

जहॉ इलाज के दौरान रविवार सुबह चाचा राकेश कुमार गौड़ की मौत हो गई। जबकि चचेरा भाई सुमित व मामा छोटेलाल अभी भी अजन्ता हास्पिटल में भर्ती है। राकेश कुमार फास्टफूड की दुकान चलाता था। राकेश की मौत के बाद भतीजे अमन कुमार गौड़ ने पारा थाना में मिठाई दुकानदार के खिलाफ तहरीर दी है। इस पर पारा पुलिस ने खाद्य एवं औषधि विभाग को जानकारी दी। मौके पर फूड सेल अधिकारी जेपी सिंह अपनी टीम के साथ पहॅुचकर दुकान व घर से मिठाई के नमूने लिए।