Lucknow: मशहूर डांसर सपना चौधरी ने कोर्ट में किया सरेंडर, निरस्त हो गया गिरफ्तारी वारंट

September 19, 2022 by No Comments

Share News

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में डांस का कार्यक्रम रद्द करने व टिकट का पैसा वापस न करने के मामले में सोमवार को मशहूर डांसर सपना चौधरी अदालत में हाजिर हुईं। इस मौके पर उन्होंने अपने खिलाफ जारी गिरफ्तारी वारंट को निरस्त करने की गुहार लगाई। इस पर एसीजेएम शांतनु त्यागी ने अर्जी मंजूर करते हुए 20 हजार का निजी मुचलका दाखिल करने का आदेश दिया। बता दें कि इस मामले की अगली सुनवाई पहले से ही 30 सितंबर के लिए तय की जा चुकी है।

गौरतलब है कि 22 अगस्त को अदालत ने गैरहाजिर रहने पर अभियुक्ता सपना चौधरी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करने का आदेश दिया था। इस दिन इस मामले में सपना समेत अन्य अभियुक्तों पर आरोप तय करने के मसले पर सुनवाई भी हुई थी, लेकिन सपना चौधरी उपस्थित नही हुईं थीं। उनकी तरफ से हाजिरी माफी की अर्जी भी नही दी गई जबकि अन्य अभियुक्तों की ओर से हाजिरी माफी की अर्जी दी गई थी। बीती आठ जून को इस मामले में सपना चौधरी की नियमित जमानत अर्जी सर्शत मंजूर हुई थी।

सपना पर लगा है धोखाधड़ी का आरोप
एक मई, 2019 को इस मामले में सपना चौधरी के खिलाफ किसी व्यक्ति के विश्वास का हनन व धोखाधड़ी करने के मामले में आरोप पत्र दाखिल किया गया था। जबकि 20 जनवरी, 2019 को इस कार्यक्रम के आयोजक जुनैद अहमद, इवाद अली, अमित पांडेय व रत्नाकर उपाध्याय के खिलाफ आईपीसी की धारा 406 व 420 में आरोप पत्र दाखिल किया गया था।

ये है पूरा मामला
बता दें कि 13 अक्टूबर, 2018 को स्मृति उपवन में दोपहर तीन बजे से रात्रि 10 बजे तक सपना के साथ ही अन्य कलाकारों का कार्यक्रम था। जिसके लिए प्रति व्यक्ति तीन सौ रुपए में ऑनलाइन व ऑफलाइन टिकट बेचा गया था। इस कार्यक्रम को देखने के लिए हजारों टिकट धारक कार्यक्रम के समय पहुंच गए, लेकिन रात्रि 10 बजे तक सपना चौधरी कार्यक्रम में ही नहीं पहुंचीं। इस पर लोगों ने जमकर हंगामा कर दिया था। इसके बाद टिकट धारकों का पैसा भी वापस नहीं किया गया। 14 अक्टूबर, 2018 को इस मामले की नामजद एफआइआर एसआइ फिरोज खान ने थाना आशियाना में दर्ज कराई थी। (फोटो सोशल मीडिया से ली गई है)