Lucknow: लखनऊ को मिला पहला नगर निगम महिला डिग्री कॉलेज, भगवान लक्ष्मण जी की भव्य प्रतिमा के लिए बजट पास, विदेशी कुत्तों के लिए बढ़ा दिया गया लाइसेंस शुल्क, पोस्टर लगाने वालों को भरना होगा जुर्माना, देखें कार्यकारिणी में और क्या लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय

September 18, 2022 by No Comments

Share News

लखनऊ। रविवार को लालबाग स्थित नगर निगम के त्रिलोकनाथ हॉल में महापौर संयुक्ता भाटिया की अध्यक्षता में नगर निगम की कार्यकारिणी बैठक सम्पन्न हुई जिसमें जनहित के लिए महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मोहर लगी। यह मौका महिलाओं के लिए खास रहा, क्योंकि उत्तर प्रदेश की राजधानी को नगर निगम का पहला महिला डिग्रा कॉलेज मिलने जा रहा है। इस प्रस्ताव को कार्यकारिणी में पास कर दिया गया है।

पीपीपी मोड़ पर खुलेगा नगर निगम का पहला महिला महाविद्यालय
लखनऊ की प्रथम महिला महापौर द्वारा लखनऊ में नगर निगम का प्रथम महिला डिग्री कॉलेज पीपीपी मोड पर खोले जाने का प्रस्ताव कार्यकारिणी में पास किया गया। नगर निगम महिला डिग्री कॉलेज के लिए भूमि प्रदान करेगा और पीपीपी मोड पर डिग्री कॉलेज का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही उक्त डिग्री कॉलेज में महिला विद्यार्थियों को न्यूनतम शुल्क पर उच्च कोटि की शिक्षा प्राप्त होगी। इस मौके पर बताया गया कि पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के आदर्श पर शिक्षा व्यवस्था के अनुरूप होगी रचना।

नगर निगम के स्कूलों में छात्राओं को मिलेगा आत्म सुरक्षा का प्रशिक्षण
नगर निगम के समस्त शिक्षण संस्थानों में महिला विद्यार्थियों को निःशुल्क एनजीओ के माध्यम से आत्म सुरक्षा का प्रशिक्षण प्रदान करने का प्रस्ताव महापौर संयुक्ता भाटिया ने पास किया। इसके लिए एनजीओ से प्रस्ताव आमन्त्रित किए जाने के निर्देश दिए गए।

किराए को लेकर ये हुआ निर्णय
चारबाग के गुरुनानक मार्किट में बढ़े हुए किराये पर व्यापारियों द्वारा की गई आपत्ति पर सदन के निर्णय आने तक पुरानी दर पर किराया जमा कराने का प्रस्ताव महापौर संयुक्ता भाटिया ने पास किया, सदन का निर्णय अनुसार शेष किराया जमा कराया जाएगा।

नवीन मार्केट में संस्थाओ के नाम होगा आवंटन
कैसरबाग स्थित नवीन मार्केट में प्रथम तल पर आवण्टित समस्त कार्यालयों को किसी व्यक्ति के नाम से नही अपितु उसमे रह रहे संगठन के नाम से नामांतरण कर आवंटित करने का प्रस्ताव महापौर संयुक्ता भाटिया ने पास किया। जिस के लिए निर्णय के लिए कार्यकारिणी ने महापौर संयुक्ता भाटिया को अधिकृत किया।

नगर आयुक्त को किया गया अधिकृत
नगर निगम कर्मचारियों के समस्त चिकित्सा परिव्यय को सत्यापित कराते हुए धन उपलब्धता के आधार पर भुगतान के लिए नगर आयुक्त को अधिकृत किया गया ।

लक्ष्मण प्रतिमा स्थल का बजट हुआ पास
महापौर की महात्वाकांक्षी योजना लखनऊ में भगवान लक्ष्मण जी की भव्य प्रतिमा स्थापित करने का मार्ग हुआ प्रशस्त हो गया है। महापौर संयुक्ता भाटिया ने बताया कि भगवान लक्ष्मण जी की प्रतिमा स्थापना के लिए पेडेस्टल आदि का कुल व्यय 47.11 करोड़ रुपये की संस्तुति कार्यकरिणी ने प्रदान की, जिसमे 15.20 करोड़ रुपये प्रतिमा निर्माण हेतु, 29.21 करोड़ रुपये पेडस्टल, म्यूजियम आदि विकास कार्यों हेतु पर व्यय किया जाएगा। लक्ष्मण प्रेरणा स्थल में 111 फिट ऊंची भगवान लक्ष्मण की प्रतिमा लगाई जाएगी। साथ ही पेडेस्टल के नीचे म्यूजियम और गैलेरी भी बनेगी, जिसमे लक्ष्मण जी का पूरा जीवन वृत्त होगा। साथ ही प्रेरणास्थल पर वाटर बॉडी, हॉर्टिकल्चर, पाथवे और महिलाओं एवं पुरुषों के लिए टॉयलेट का निर्माण भी कराया जाएगा।

नगर निगम बचाएगा अपनी जमीन
महापौर संयुक्ता भाटिया ने बताया कि नगर निगम सीमा में खाली पड़ी जमीनों के संरक्षण के लिए निगम अपनी जमीनों का जीआईएस मैपिंग कराएगा साथ ही निगम के स्वामित्व का बोर्ड भी लगाया जाएगा। इसके अतिरिक्त निगम की जमीनों और रिवर बैंक कॉलोनी के आवासों को पूर्व नियमो में संशोधन करते हुए गैर व्यवसायिक, सामाजिक संगठनों को कार्यालय एवं उपयोग के लिए प्रदान करने के लिए प्रस्ताव पारित किया गया। नगर निगम में तहसीलदारो और लेखपालों की कमी के चलते महापौर संयुक्ता भाटिया ने शासन से लेखपाल और तहसीलदार की नियुक्ति की मांग करने के लिए पत्र भेजने के निर्देश भी प्रदान किया।

अब सिर्फ सरकारी बैंकों में ही खुलेगा खाता
महापौर के निर्देश पर नगर निगम के अनुउपयोगी बैंक खातों को बंद किया जाएगा साथ ही ज्यादा ब्याज देने वाले सिर्फ सरकारी बैंको में ही खाता खोला जाएगा। उत्तर प्रदेश सरकार के शासनादेश का होगा अनुपालन।

निगम की आय के साथ सुधरेगी व्यवस्था
नगर निगम सीमा में पशुपालको पर नियंत्रण के लिए प्रत्येक घर द्वारा 2 गायों को पाला जा सकता है। जिसके लाइसेंस हेतु नगर निगम ने लाइसेंस शुल्क को बढ़ाकर 500 रुपये कर दिया। साथ ही बड़े- छोटे विदेशी ब्रीड के कुत्तो पर 500 रुपये से बढ़ाते हुए 1000 कर दिया, साथ ही देशी कुत्तो को पालने के लिए प्रोत्साहन प्रदान किया जाएगा, इस के लिए देशी कुत्तो पर लाइसेंस शुल्क 500 ही रखा गया।

जनहित में स्ट्रीट डॉग के लिए नगर निगम उच्च न्यायालय में दायर करेगा याचिका
स्ट्रीट डॉग को पकड़ने पर हाईकोर्ट द्वारा लागू की गई रोक के विरुद्ध नगर निगम पीआईएल दाखिल करते हुए जनता को हो रहे नुकसान से अवगत भी कराएगा।

नगर निगम सीमा में संचालित पशुचिकित्सालयो पर नगर निगम कार्यकारिणी ने लाइसेंस जारी करने के लिए दरों का निर्धारण किया है जिसमे पेट्स क्लीनिक (उपचार हेतु) पर 5000 रुपये, तीन ब्रीड हेतु ब्रीडिंग सेंटर पर 10000 रुपये, पांच ब्रीड हेतु ब्रीडिंग सेंटर पर 15000 रुपये, पेट शॉप, पेट स्टोर और वेटरनरी डाइग्नोस्टिक लैब, पेट स्टोर पर 10000 रुपये, पेट क्रिचेस पर 10000 रुपये वार्षिक शुल्क लगाया गया।

नगर निगम ट्रांसपोर्ट नगर पार्किंग में वाहनों की पार्किंग दरों को नगर निगम कार्यकारिणी ने बढ़ाया है जिसमे कार एवं 6 चक्के तक के वाहन पर 40 रुपये से बढ़ाकर 100 रुपये प्रतिदिन, 6 चक्के से अधिक व 10 चक्के तक के वाहन पर 60 से बढ़ाकर 200 रुपये, 10 चक्के से ऊपर के वाहन पर 100 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये प्रतिदिन बढ़ाया गया। लखनऊ नगर निगम सीमा में शासनादेश के अनुरूप निरीक्षण शुल्क 20 रुपये प्रति मीटर, अम्बार शुल्क 40 रुपये प्रति मीटर और सुदृढ़ीकरण शुल्क 192 रुपये प्रतिमीटर किये जाने का निर्णय लिया गया।

पोस्टर पर लगेगा जुर्माना
शहर में जगह जगह पोस्टर लगाए जाने पर कार्यकारिणी ने जुर्माना लगाया है, अब शहर की सुंदरता को खराब करने वालो से ही जुर्माना वसूला किया जाएगा। पहली बार मे 20 हज़ार रुपये एवं उसके बाद प्रतिदिन के हिसाब से 1000 रुपये जुर्माना लगाया गया ।

पारदर्शिता के लिए ये लिए गए निर्णय
झूलेलाल पार्क के आवंटन की दरों को कार्यकारिणी द्वारा बढ़ाते हुए सामाजिक आयोजन के लिए 5000 प्रतिदिन, सरकारी गैर व्यवसायिक आयोजन के लिए 10000 प्रतिदिन, सरकारी व्यवसायिक आयोजन के लिए 25000 प्रतिदिन, व्यवसायिक आयोजन के लिए 2 लाख रुपये प्रतिदिन का शुल्क निर्धारित किया गया। साथ ही यदि व्यवसायिक आयोजन 15 दिन से ऊपर का रहेगा तो ई-टेंडर के माध्यम से आवंटन किया जाएगा।

शासन और अन्य विनिमय के प्रस्तावों के परीक्षण के लिए अपर नगर आयुक्त अभय पाण्डेय की अध्यक्षता में समिति बनाई गई जो निगम हित का ध्यान रखते हुए भूमि विनिमय के समस्त प्रस्तावों का परीक्षण करेंगी। महापौर ने कहा कि निगम को प्राप्त होने वाली जमीन की कीमत देने वाली जमीन से कम न हो और न ही वह खराब लोकेशन पर स्थित हो।

समस्त विभागों को कार्यकारिणी ने निर्देशित किया कि बजट मद से आधा व्यय होने के उपरांत कार्यकारिणी की अनुमति अवश्य प्राप्त की जाए।