Lucknow:धार्मिक भावनाएं आहत करने के लिए स्कूल के नाटक के मंचन का आधा वीडियो वायरल करने वाले पर होगी सख्त कार्रवाई, पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ ने दिया निर्देश, जानें क्या है पूरा मामला
लखनऊ। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें किसी स्कूल में सांस्कृतिक कार्यक्रम का मंचन किया जा रहा है। दिखाया जा रहा है कि सरस्वती मां बनी बच्ची का कुछ लोग मुकुट उतार कर उसके सिर पर कपड़ा बांधकर नमाज अदा करने के लिए मजबूर कर रहे हैं।
बता दें कि यह वीडियो आधा वायरल किया गया है। कार्यक्रम का आयोजन लखनऊ के बाजार खाला के एक स्कूल में धार्मिक सौहार्द बनाए रखने व सकारात्मक संदेश देने के लिए किया गया था, लेकिन वीडियो वायरल करने वाले ने आधा वीडियो वायरल कर हिंदू धर्म की भावनाएं आहत करने का काम किया है।
इस सम्बंध में पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ ने एक बयान जारी करते हुए बताया कि वायरल वीडियो के वायरल होते ही तत्काल संज्ञान में लिया गया है। इस सम्बंध में स्कूल प्रबंधन से बात की गई तो मालूम हुआ कि नाटक का मंचन बच्चों द्वारा किया गया था, जिसमें धार्मिक सौहार्द बनाए रखने का मैसेज दिया गया था। जिसका आधा वीडियो दिखाकर धार्मिक भावनाएं आहत करने का काम किया जा रहा है, जो कि सरासर गलत है। फिलहाल पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ ने कहा है कि जिसने भी इस अधूरे वीडियो को वायरल कर धार्मिक भावनाओं को आहत करने का काम किया है, उस पर सख्त कार्यवाही की जाएगी।
बता दें कि वायरल वीडियो में दिखाया जा रहा है कि मंच के सामने ही तमाम छोटे बच्चे बैठे हुए हैं। मंच पर दिखाया जाता है कि एक बच्ची सरस्वती मां की तरह सजी हुई है। इस पर मंच पर कुछ लोग आते हैं और वो उस बच्ची के सिर से मुकुट उतार पर दूसरा कपड़ा बांध देते हैं फिर बैठकर नमाज अदा करने को कहते हैं।
वीडियो वायरल करने वाले ट्विटर यूजर ने लिखा है कि उत्तर प्रदेश में जहां देश अमृत महोत्सव मना रहा है, 75 वा आजादी का जश्न में डूबा है वहीं ऐसा भी वीडियो वायरल हो रहा है। जो पूरे देश को शर्म सार कर रहा है। कृपया संबंधित अधिकारीगण ध्यान दें। इस वीडियो के सम्बंध में “खबरस्टिंग” द्वारा “Independence day: सरस्वती मां बनी बच्ची का उतारा मुकुट और नमाज पढ़ने को किया मजबूर, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो,धार्मिक भावनाएं आहत, देखें वीडियो, कार्यवाही की मांग” शीर्षक से लिखी गई खबर में पहले ही सवाल खड़े कर दिए थे और आशंका जाहिर कर दी थी कि सम्भवता यह वीडियो आधूरा है। हालांकि देर शाम इस वीडियो को लेकर सामने आया लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के बयान ने साफ कर दिया कि वीडियो अधूरा वायरल किया गया है। फिलहाल पूरे मामले को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।