UP News: सिपाही को शराब पिलाकर कैदी हुआ फरार, पुलिस प्रशासन में मचा हड़कम्प, अब पुलिस अधिकारी ने लिया ये एक्शन
UP News: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के हरदोई (Hardoi ) जिले में पेशी पर आए एक कैदी ने सिपाही को शराब पिला दी और फिर मौके से फरार हो गया. तो वहीं सिपाही के साथ खेल तो तब हुआ जब वह कैदी को लेकर हवालात नहीं पहुंचा. इसके बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और फिर सिपाही की तलाश की गई तो वह कमरे पर शराब के नशे में मिला. फिर उससे कैदी के बारे में पूछताछ की गई तो वह कुछ बता नहीं सका. इसके बाद सिपाही को हिरासत में ले लिया गया है और जिला चिकित्सालय में उसका डाक्टरी परीक्षण कराया जा रहा है. दूसरी ओर कैदी की खोजबीन शुरू की गई है.
इस पूरे मामले को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया सिपाही को निलंबित कर दिया गया है और मुकदमे की कार्रवाई की जा रही है आरोपी कैदी को पकड़ने के लिए 3 टीमें लगाई गई है. मीडिया सूत्रों के मुताबिक, शहर कोतवाली शहर पुलिस ने सीतापुर जिले के नैमिषारण्य थाना क्षेत्र के रामपुर गांव के रहने वाले फुरकान को विगत वर्ष 2018 में चोरी के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा था. इसी के बाद से फुरकान जिला कारागार में ही निरुद्ध था.
शुक्रवार को उसकी न्यायालय में पेशी थी, जहां से जेल से पुलिस अभिरक्षा में अन्य कैदियों के साथ फुरकान को भी न्यायालय में पेशी पर लाया गया था. कचेहरी स्थित हवालात से पुलिस लाइन में तैनात सिपाही उमानाथ श्रीवास्तव के साथ पेशी के लिए कैदी फुरकान को अदालत भेजा गया.
तो वहीं खबर सामने आ रही है कि, पेशी के बाद शाम तक जब सिपाही कैदी को लेकर हवालात नहीं लौटा तो दोनों की तलाश शुरू की गई. इस दौरान पुलिस को पता चला कि सिपाही स्टेशन रोड पर एक किराए के कमरे में रहता है. इस पर प्रभारी उपनिरीक्षक पुलिसकर्मियों के साथ सिपाही के कमरे में पहुंचे तो ये देखकर चौंक गए कि सिपाही नशे की हालत में पड़ा था और कैदी गायब था. इसके बाद मामला सामने आया कि कैदी उसे शराब पिलाकर खुद भाग गया था. तो वहीं हवालात प्रभारी ने मामले की सूचना अधिकारियों को दी तो कैदी की तलाश में पुलिस की टीमें लगा दी गईं. सिपाही से पूछताछ की गई तो नशे में होने के चलते वह कुछ भी बता नहीं सका और कोतवाली पुलिस ने सिपाही को जिला अस्पताल ले जाकर उसका मेडिकल परीक्षण कराया. वहीं अपर पुलिस अधीक्षक नृपेन्द्र कुमार ने मीडिया को जानकारी दी कि, सिपाही को निलंबित कर दिया गया है और मुकदमे की कार्रवाई की जा रही है. आरोपी कैदी को पकड़ने के लिए 3 टीमें लगाई गई हैं.